शिवली (सं. भा.) : रविवार दोपहर शिवली-कल्याणपुर मार्ग पर बैरी सवाई गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। शिवली सीएचसी से कानपुर ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के सरैंया गांव निवासी रामचंद्र उर्फ रामकिशोर पुत्र भूरा सिंह खेत में उगाई की भिडी बेचने के लिए बैरी सवाई बाजार गए थे। बाजार में बिक्री करने के बाद दोपहर 12 बजे वह बाइक से वापस घर आ रहे थे। शिवली- कल्याणपुर मार्ग पर बैरी सवाई गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंचने पर बैरी की ओर से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सामने से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना रामचंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। बाघपुर चौकी प्रभारी अरुण कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए सीएचसी शिवली भेजा था। यहां डॉक्टर शमशाद अली ने किसान को हालत नाजुक होने पर कानपुर के एलएलआर यानी हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें कानपुर ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। पत्नी गायत्री देवी, पुत्र शैलेंद्र प्रताप सिंह, राघवेंद्र प्रताप सिंह, शिवप्रताप सिंह तथा पुत्री लक्ष्मी देवी रो रोकर बेहाल हो गई। कोतवाल चन्द्र शेखर द्विवेदी ने बताया कि मृतक के पुत्र शिव प्रताप सिंह की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।


