मुंबई (संवाददाता) । कुर्ला के साकीनाका खैरानी रोड स्थित भानू फरसाण स्नैक शॉप में पिछले दिनों भीषण आग लगने से १३ कामगारों की मौत हो गयी थी. दुर्घटना के बाद एक बार फिर मनपा प्रशासन नींद से जागा है। मनपा आयुक्त अजोय मेहता के निर्देश पर व्यवसायिक संस्थानों में विभिन्न प्रकार के ईधन की वजह से आग से सुरक्षा को लेकर दिशानिर्देश जारी किया गया है। दुकानों , व्यवसायिक संस्थानों एवं फेरीवालों के यहां छापा मारकर अवैध रुप से जमा किये गए गैस सिलेंडरों को जब्त किया जा रहा है।
दो साल पहले १६ अक्टूबर २०१५ को कुर्ला के कमानी इलाके में सिटी किनारा में सिलेंडर विस्फोट व आग लगने की दुर्घटना में डॉन बास्को कालेज के ७ विद्यार्थियों सहित ८ की मौत हो गयी थी। होटल में आग की घटना के बाद मनपा आयुक्त अजोय मेहता ने मुंबई के सभी होटलों की जांच व कार्रवाई का आदेश दिया था।
सकीनाका दुर्घटना के बाद मनपा प्रशासन ने आग से सुरक्षा को लेकर दिशानिर्देश जारी किया है। सभी को सुरक्षा नियमों का पालन अनिवार्य किया गया है। आयुक्त के निर्देश पर मनपा के ई वार्ड क्षेत्र में २१ एवं २२ दिसंबर को आग्रीपाडा, जे.जे.मार्ग, टँक पाखाडी मार्ग, के .के मार्ग, एन. एम. जोशी मार्ग, रामशेठ नाईक मार्ग, पीरखान स्ट्रीट आदि इलाकों में कार्रवाई की गयी। कार्रवाई क दौरान अवैध रुप से चल रहे एक हुक्का पार्लर को भी बंद किया गया। हुक्का पार्लर से ३० कुर्सी ,३ टेबल व अन्य सामना जब्त किये गए। अधिकारियों ने विभिन्न आस्थापना से ३४ सिलेंडर जब्त किया। इसके पहले ई वार्ड के अधिकारियों ने २८ सिलेंडर जब्त किया था। ई एवं बी वार्ड की ही तरह शनिवार को एफ/दक्षणि विबाग में सहायक आयुक्त देसाई के नेतृत्व में कार्रवाई की गयी जिसके तहत २७ गैस सिलेंडर जब्त किये गए।


