- पार्किंग के लिए 2 मंजिला बनेंगे बस डिपो
मुंबई (सं. भा.) महानगर में यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए बेस्ट की बसों की संख्या बढ़ाने की मांग हो रही है। वर्ष 2027 तक बेस्ट के बेड़े में बसों की संख्या 10 हजार तक पहुंच जाएगी। लिहाजा उनके पार्किंग का मसला भी खड़ा होगा, इसलिए बेस्ट प्रशासन ने शुरुआत में अपने 5 बस डिपो में 2 मंजिला पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराने का फैसला किया है। इसके लिए एक अध्ययन समिति गठित की जाएगी और उसकी रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद इस काम को गति दी जाएगी।
2 वर्षों में साढ़े 4 हजार से अधिक बसें लाने की योजना बेस्ट प्रशासन के अनुसार पर्यावरण संरक्षण के लिए ई-बसों की संख्या बढ़ाई जा रही है। बेस्ट प्रशासन अगले 2 वर्षों में साढ़े 4 हजार से अधिक बसें लाने की योजना है। इसमें डबल डेकर बसें भी शामिल हैं, लेकिन बसें खड़ी करने के लिए पर्याप्त जगह होनी चाहिए, इसलिए बस डिपो में 2 मंजिला पार्किंग बनाने का प्रस्ताव है। वर्तमान में 2 मंजिला पार्किंग के लिए 3 डिपो गोवंडी, दिंडोशी और बांद्रा का चयन किया गया है। इसके बाद अन्य डिपो में 2 मंजिला पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।

बेस्ट के पास 3,941 बसें पार्क करने की जगह
बेस्ट के एक अधिकारी के अनुसार वर्तमान में बेस्ट के पास 2,968 बसें हैं और अगले 2 वर्षों में 4,500 नई बसें आएंगी। वर्ष 2027 तक बसों की संख्या 10,000 तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। विश्व बैंक की सलाहकार कंपनी इंटरनेशनल फाइनेंस कॉरपोरेशन (आईएफसी) को अध्ययन करने का जिम्मा सौंपा जा सकता है। अध्ययन समिति की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद अगली दिशा तय की जाएगी। फिलहाल बेस्ट के पास 27 बस डिपो हैं जिनमें 3,941 बसें खड़ी की जा सकती हैं।


