कानपुर देहात (सं. भा.) : लोकसभा चुनाव के लिए जिले की चारों विधानसभाओं में आज सुबह 7 बजे से मतदान शुरू होगा, जो शाम 6 बजे से जारी रहेगा। यदि किसी मतदेय स्थल पर पहले से कतार लगी है तो वहां पर शाम 6 बजे के बाद भी मतदान कराया जाएगा। यह निर्देश जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिए हैं।
डीएम राकेश कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को जिले की चारो विधानसभाओं में बनाये गए 1077 मतदान केंद्रों के 1547 मतदेय स्थलों पर सुबह 7 बजे से 12,93,413 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों का भ्रमण करने के लिए 18 जोनल, 127 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 14 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 7008 मतदान कार्मिक, 140 माइक्रो आब्जर्वर, 12 फ्लाइंग स्क्वायड सहित अन्य टीमें लगाई गई हैं। डीएम ने सभी कार्मिकों को निर्देशित किया है कि मतदान प्रक्रिया शाम 6 बजे तक जारी रहेगी। किसी मतदेय स्थल पर अगर वोट डालने के लिए आने वाले मतदाताओं की पहले से कतार लगी है, तो निर्धारित समय के बाद भी मतदाता वोट डाल सकेंगे। दिव्यांग मतदाता अपने साथ सहयोगी ले जा सकेंगे और उनके बायें हाथ के अंग पर अमिट स्याही लगाई जाएगी। चारों विधानसभाओं में सुपर जोनल तैनात
लोकसभा चुनाव के दिन चारों विधानसभाओं में सुपर जोनल मजिस्ट्रेट मतदान केंद्रों पर गतिविधियों को जांचेंगे। इसके लिए रसूलाबाद विधानसभा में सीडीओ जोगिन्दर सिंह, अकबरपुर में एडीएम प्रशासन पंकज वर्मा, सिकंदरा में एडीएम वित्त एवं राजस्व साहब लाल तथा भोगनीपुर विधानसभा में एसडीएम मैथा को सुपर जोनल की जिम्मेदारी दी गई है।


