मुंबई (स भा): देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पुलिसकर्मियों की आत्महत्या का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में पिछले चार दिनों में तीन पुलिसकर्मियों ने आत्महत्या कर ली है, जिससे पुलिस बल और समाज में चिंता की लहर दौड़ गई है। इन आत्महत्याओं के पीछे का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है, जिसने इस मुद्दे को और भी गंभीर बना दिया है।
चार दिनों में तीन आत्महत्याएं:
ताजा घटना में शनिवार को सशस्त्र पुलिस बल के कांस्टेबल मुकेश देव (45) ने अंधेरी पूर्व के अगरकर बस अड्डे के पास स्थित पुलिस कॉलोनी में अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उस समय शहर में दही हांडी का उत्सव चल रहा था और मुकेश अपने घर में अकेले थे। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस ने उन्हें जुहू के कूपर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस मामले की जांच अंधेरी पुलिस स्टेशन में सहायक पुलिस निरीक्षक जोंजाल कर रहे हैं। इससे पहले बुधवार, 13 अगस्त को कांदिवली के समता नगर पुलिस स्टेशन में कार्यरत गणेश राउल (32) ने, नालासोपारा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के नीचे कूदकर अपनी जान दे दी। शुरुआत में इसे दुर्घटना समझा गया, लेकिन सीसीटीवी फुटेज से आत्महत्या की पुष्टि हुई। वहीं, गुरुवार, 14 अगस्त को भाईंदर में रहने वाले पुलिस कांस्टेबल रितिक चौहान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
4 साल में 427 पुलिसकर्मियों की मौत, 25 ने की आत्महत्या:
मुख्यमंत्री फडणवीस ने विधानसभा में एक लिखित जवाब में बताया कि 2020 से जून 2025 तक मुंबई पुलिस बल में कई कारणों से 427 पुलिसकर्मियों की मृत्यु हुई, जिनमें से 25 ने आत्महत्या की। इन मौतों में 75 हृदयाघात और 6 कैंसर से हुईं। मुख्यमंत्री ने बताया कि इन मामलों में कोई जांच नहीं की गई, क्योंकि मृतकों के रिश्तेदारों ने कोई संदेह नहीं जताया।
4 दिन में 3 पुलिसकर्मियों ने की खुदकुशी,बढ़ रहा है ‘खाकी’ पर मानसिक दबाव
RELATED ARTICLES


