spot_img
Homeठाणेकल्याण में हल्दी समारोह के बाद विषबाधा, 40 से 50 मेहमान बीमार

कल्याण में हल्दी समारोह के बाद विषबाधा, 40 से 50 मेहमान बीमार

प्रमोद कुमार

कल्याण (सं.भा.): शादी से पहले आयोजित हल्दी समारोह की खुशियां उस समय अफरा-तफरी में बदल गईं, जब खाना खाने के कुछ ही घंटों बाद 40 से 50 मेहमानों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत के चलते बच्चों, बुजुर्गों और दुल्हन सहित कई लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा, जिसके कारण शादी समारोह को एहतियातन स्थगित करना पड़ा।

यह घटना कल्याण पश्चिम के खडकपाडा इलाके स्थित मोहन प्राइड सोसायटी में हुई। जानकारी के अनुसार, हल्दी समारोह के लिए भोजन बाहर से मंगाया गया था। वधू पक्ष ने राज विकास पराठे–केसरिन कैटर्स को भोजन तैयार करने का ऑर्डर दिया था। रात करीब साढ़े नौ बजे मेहमानों को खाना परोसा गया, जिसके बाद सभी अपने-अपने घर लौट गए।
रात करीब 12 बजे के बाद कई मेहमानों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद उन्हें विभिन्न निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इस घटना से वधू के घर में हड़कंप मच गया और शादी से जुड़े सभी कार्यक्रम रोकने पड़े।

वधू के पिता संचित बाविस्कर ने बताया कि ऐन समय पर शादी स्थगित करने के कारण उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। परिजनों ने कैटरिंग एजेंसी की लापरवाही को इस घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया है। फिलहाल विषबाधा से प्रभावित सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं। अधिकतर मेहमानों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। खडकपाडा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक डॉ. अमरनाथ वाघमोडे ने बताया कि खाद्य पदार्थों के नमूने उपलब्ध नहीं हो सके हैं, फिर भी मामले की जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com