फतेहपुर (सं. भा.) : कोरोना संकट के चलते बाजारबंदी कर दी गई है। ऐसे में फुटपाथ पर ठेला लगाकर जीविकोपार्जन करने वालों के सामने पेट भरने का संकट खड़ा हो गया है। शासन ने पूर्व में पंजीकरण करा चुके पटरी के दुकानदारों पर नजरें इनायत कर दी है। जीविका भत्ता मिलने की खबर लगते ही गरीब दुकानदारों के चेहरे की मुस्कान बढ़ गयी है।
जिले में मुख्यालय और बिदकी में नगर पालिका संचालित हो रही हैं। जबकि बहुआ, जहानाबाद, किशुनपुर, खागा और हथगाम में नगर पंचायतें हैं। इन नगर निकायों में 5012 पटरी दुकानदार पंजीकृत हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने इनको एक हजार रुपये मासिक जीविकोपार्जन भत्ता देने का एलान किया है। दो नगर पालिका और पांच नगर पंचायतों में इनके अभिलेख खंगालने शुरू हो गए हैं। अधिशासी अधिकारी सदर मीरा सिंह ने बताया कि शासन का पत्र मिल चुका है। पंजीकरण दस्तावेज निकलवा लिए गए हैं। निकायवार पंजीकरण एक नजर में
नगर पालिका सदर : 2467
नगर पालिका बिदकी : 550
नगर पंचायत जहानाबाद : 535
नगर पंचायत खागा : 900
नगर पंचायत हथगाम : 265
नगर पंचायत किशुनपुर : 140
नगर पंचायत बहुआ : 226


