मुंबई (सं. भा.) : नरेंद्र मोदी 2014 में जब देश के प्रधानमंत्री बने तब उन्होनें देश के प्रत्येक पारिवार को सस्ता घर देने की घोषणा की थी। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वसई के राजोली में 75 हजार घरों का मेगा प्रोजेक्ट शुरू किया गया है। यह प्रोजेक्ट सुरक्षा स्मार्ट सिटी के तहत डेवलप हो रहा है। इस प्रोजेक्ट में फ्लैट की कीमत 22 लाख रखी गई है, जिसमें पीएमवाई के तहत 2.5 लाख रुपए की छूट के बाद फ्लैट की कीमत कम हो जाएगी। नोडल एजेंसी के कारण म्हाडा की देखरेख में प्रोजेक्ट का निर्माण हो रहा है। कोकण बोर्ड मुख्य अभियंता शिवकुमार आड़े ने बताया कि पीएमवाई के तहत पूरे राज्य में 10 लाख 61 हजार 503 घर का अप्रूवल मिला है। इसमें से 1 लाख 40 हजार 717 घरों का निर्माण पूरा कर लिया गया है। 3 लाख 32 हजार 273 घरों का काम चल रहा है। इसमें कोकण मंडल में पीएमवाई के तहत 28,537 घरों का निर्माण किया जा रहा है। वसई स्टेशन से 1.4 किमी दूरी पर सुरक्षा स्मार्ट सिटी का निर्माण कार्य चल रहा है। यह प्रोजेक्ट राजोली में है, जो पब्लिक प्राइवेट पार्टनर मॉडल पर बन रहा है। सुरक्षा स्मार्ट सिटी के प्रमुख विशाल कनकिया ने बताया कि 362 एकड़ क्षेत्र में फैले स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत कुल 75 हजार 981 घरों का निर्माण किया जाना है। जिसमें पीएमसी वाई के तहत 44 हजार घर बनाए जाएंगे। इसमें आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 27000 फ्लैट, जिसका क्षेत्रफल 306 वर्ग फुट और एलआईजी के लिए 17000 घर बनाए जाएंगे। एलआईजी घरों का क्षेत्रफल 325 वर्गफुट है।
कनकिया ने कहा कि यह प्रोजेक्ट पीएमवाई के तहत तैयार हो रहा है। इसमें 1 के बदले 2.5 एफएसआई दिया गया है। उन्होंने कहा कि हर साल 20 हजार घर तैयार करने का लक्ष्य है। पहले चरण में 7,423 घर बनाए जा रहे हैं। इन घरों के खरीददारों को केवल 1000 रुपया स्टैप ड्यूटी भरना होगा। प्रोजेक्ट में तीन प्रवेश और निकास द्वार बनाए जाएंगे। पीएमवाई के तहत बने घरों का रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन किया जाएगा। प्रोजेक्ट महारेरा अप्रूवड है। फ्लैट लॉटरी के जरिए सरकारी कमेटी की निगरानी में किया जाएगा।


