ठाणे (सं. भा.) उद्धव ठाकरे गुट की प्रवक्ता सुषमा अंधारे के हिंदू संतों के खिलाफ दिए गए बयान के विरोध में वारकरी संप्रदाय द्वारा शनिवार को ठाणे बंद किया गया। इस बंद के दौरान ठाणे परिवहन सेवा की एक भी बस सड़क पर नहीं चल सकी। इससे बस का इंतजार कर रहे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि यात्रियों को टीएमटी बसों के बंद करने की उम्मीद बिल्कुल नहीं थी। इस संदर्भ में परिवहन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि उन्हें एक फोन आया और उस आदेश का पालन किया गया। लेकिन इस एक फोन से यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी और परिवहन प्रशासन को भी 15 लाख का घाटा उठाना पड़ा। गौरतलब है कि ठाणे शहर की आबादी के हिसाब से शहर को 600 बसों की जरूरत है। लेकिन वर्तमान में करीब 324 बसें ही सड़क पर चल रही हैं।
इससे परिवहन प्रशासन को रोजाना 25 से 27 लाख की आमदनी हो रही है। कोरोना में परिवहन विभाग की कमर टूट गई थी। सैकड़ों बसें खराब हो चुकी हैं। कोरोना के बाद अब जाकर परिवहन सेवा उबर रही है? लेकिन इसके बावजूद शनिवार को हिंदुत्ववादी संगठनों द्वारा बुलाए गए बंद में परिवहन सेवाएं बंद करा दी गई। जिसके कारण परिवहन की 324 बसों में से एक भी बस शनिवार को सड़क नही दौड़ी।

अन्य प्राधिकरण की बसें रहीं शुरू: एक तरफ एसटी, बेस्ट, नवी मुंबई म्युनिसिपल और अन्य प्राधिकरण की बसें शुरू थीं और शहर भर में दौड़ रही थीं। ठाणे मनपा की परिवहन की बसें ठप होने से यात्रियों ने नाराजगी जाहिर की। यात्रियों का कहना था कि चूंकि परिवहन सेवा एक सार्वजनिक परिवहन सेवा है, इसलिए इसे जारी रखना आवश्यक है।


