- 100 झोपड़ियां जलकर हुई खाक
- 10 से ज्यादा सिलिंडर फटे
- 2 की हुई मौत साढ़े
- 3 सौ से ज्यादा लोग हुए हैं प्रभावित
मुंबई (सं. भा.) : मालाड पूर्व के जामऋषी नगर नामक झोपड़पट्टी में कल सुबह आग लग गई। आग के तांडव में 2 लोगों की जलने से मौत होने की खबर है।इस आगजनी में 10 से ज्यादा गैस सिलेंडर के फटने से आग तेजी से फैली जिसके कारण 100 के करीब झोपड़े जल कर खाक हो गए। इस हादसे में 300 के करीब लोगों के प्रभावित होने की आशंका मनपा द्वारा व्यक्त किया गया है।
बता दें कि कुरार विलेज के पारेख नगर के ऊपरी हिस्से के जामऋषि नगर स्थित झोपडपट्टी में कल सुबह 10.30 बजे के करीब अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद करीब सवा 11 बजे के आसपास पहला गैस सिलेंडर फटा । गैस सिलेंडर फटने से आग तेजी से फैलने लगी और देखते ही देखते वहां बने करीब 100 से ज्यादा झोपडों को अपने आगोश में ले लिया। आग कैसे लगी इसकी कोई ठोस जानकारी अबतक नही है लेकिन जो झोपड़े जले हैं वह सब प्लास्टिक और पत्तरे के बने हुए थे।आग को बुझाने का प्रयास अबतक जारी है।फायर ब्रिगेड के करीब 20 से ज्यादा कर्मचारी आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे है।

बताया यह भी जाता है कि आग के कारण 10 से अधिक गैस सिलेंडर फटे हैं। गैस सिलेंडर फटने से उसका टुकड़ा एक बच्चे के गले में फंस गया जिससे उसकी मौत हो गई। इसके अलावा एक अन्य की मौत होने की खबर है। मृतक मामा और भांजा बताए जाते हैं। इसके अलावा करीब 15 से ज्यादा अन्य लोग घायल हैं। जामऋषी नगर में सभी झोपड़े वन विभाग के जमीन पर बने हैं। स्थानिक रहवासियों का कहना है कि वह लोग लगभग 22 साल से यहां रह रहे हैं लेकिन अबतक प्रशासन द्वारा उन्हें कोई सुविधा उपलब्ध नही कराई गई है।
आग प्रभावित लोगों का कितना नुकसान हुआ है इसकी जानकारी अबतक नही है। जिन लोगो का घर जला है उनमें से कुछ लोगो के पास फारेस्ट विभाग द्वारा जारी 7 हजार रुपये भरने की स्लिप है जबकि कुछ लोगो के पास कोई प्रमाणित दस्तावेज नही हैं। स्थनीय नेताओं द्वारा मिलकर आग प्रभावित लोगो को खाने की व्यवस्था कराई गई । मनपा डीएमसी के अनुसार आगजनी में करीब साढ़े 3 सौ से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं।



