- बेटिकट यात्रियों से वसूले 158.28 करोड़
मुंबई (सं. भा.) बेटिकट यात्रियों के खिलाफ अभियान चला कर पश्चिम रेलवे ने अप्रैल 2022 से फरवरी 2023 तक 158.28 करोड़ रुपये की राशि जुर्माने के तौर पर वसूल की है। इनमें मुंबई उपनगरीय खंड से प्राप्त 39.99 करोड़ रुपये भी शामिल हैं। सीपीआरओ सुमित ठाकुर के अनुसार फरवरी, 2023 के दौरान बिना बुक किए सामान के मामलों सहित 1.87 लाख बिना टिकट / अनियमित टिकट यात्रियों का पता लगाकर 12.24 करोड़ रुपये की राशि दंडस्वरूप वसूल की गई।
23.70 लाख मामले

अप्रैल, 2022 से फरवरी, 2023 की अवधि के दौरान कुल 23.70 लाख बिना टिकटयात्रियों और बिना बुक किए सामान के मामलों का पता चला, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि के दौरान 15.92 लाख मामलों का पता चला था, जो कि 48.86% अधिक है। इन यात्रियों से 158.28 करोड़ रुपये का जुर्माना लिया गया, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि के 94.21 करोड़ रुपए की तुलना में 68.01% अधिक है। फरवरी, 2023 में मुंबई उपनगरीय खंड से 3.28 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई। एसी लोकल ट्रेनों में अब तक 42,600 से अधिक अनधिकृत यात्रियों पर जुर्माना लगा है।


