- सी लिंक पर पुलिस से भिड़ी महिला बाइकर
मुंबई (सं. भा.) : पुलिस ने एक 26 वर्षीय महिला के खिलाफ पुलिसकर्मी से बदतमीजी करने, धमकी देने और हाथापाई करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। दरअसल मनाही होने के बावजूद आरोपी महिला मुंबई के मशहूर बांद्रा वर्ली सी लिंक पर अपनी मोटरसाइकिल से सफर कर रही थी। जब पुलिसकर्मी ने महिला को रोका तो वह पुलिसकर्मी के साथ बदतमीजी करने लगी। इतना ही नही उक्त महिला ने पुलिस वाले को धमकाते हुए कहा कि हाथ लगाया तो हाथ काट दूंगी। महिला द्वारा पुलिस वाले के साथ किया गया बदतमीजी भरे व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में दिख रहा है कि महिला बाइकर को पुलिस कॉन्सटेबल ने स्पीड में बाइक चलाने के आरोप में रोका तो महिला पुलिसकर्मी से उलझ गई। पुलिसकर्मी ने अपनी बाइक साइड में करने से भी इनकार कर दिया। जब पुलिसकर्मी ने बाइक को सड़क के साइड में करने की कोशिश की तो महिला ने पुलिसकर्मी को धमकाते हुए कहा कि ‘हाथ काट के हाथ में दे दूंगी… हिम्मत कैसे हुई तेरी गाड़ी छूने की।

पुलिस ने बताया कि उन्हें बांद्रा वर्ली सी लिंक के सुरक्षाकर्मियों ने सूचना दी थी कि एक महिला, जिसकी पहचान नूपुर मुकेश पटेल के रूप में हुई है, वह बुलेट बाइक पर सवार होकर सी लिंक से होते हुए साउथ मुंबई की तरफ जा रही थी। जब पुलिस कर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की तो वह बहस करने लगी। महिला ने पुलिसकर्मी से कहा कि वह टैक्स भरती है और इसलिए कोई भी उसे सड़क पर बाइक चलाने से नहीं रोक सकता। कई बार बोलने के बाद भी महिला बाइक से नहीं उतरी और ना ही उसने बाइक को साइड किया और पुलिसकर्मियों से बहस करती रही। पुलिस ने बताया कि महिला ने पुलिसकर्मी को धक्का भी दिया। महिला के खिलाफ ड्राइविंग में लापरवाही करने, सरकारी कर्मचारी पर हमला करने और उसके काम में बाधा डालने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी महिला मध्य प्रदेश के जबलपुर की निवासी है और उसकी बाइक भी जबलपुर की एक रियल एस्टेट फर्म के साथ रजिस्टर्ड है। महिला को सीआरपीसी की धारा पाए के तहत नोटिस देकर रिहा कर दिया गया।


