BMC ने बढ़ाई टेंडर की लागत
मुंबई (सं. भा.) मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने पश्चिम उपनगर सहित अन्य प्रमुख सड़कों की सफाई के लिए उपयोग किए जाने वाली यांत्रिक झाड़ का ठेका समाप्त होने से पहले दो वर्ष के लिए बढ़ा दिया है। इससे पहले इन सड़कों की सफाई के लिए ठेकेदार को 11 करोड़ 52 लाख रुपए का ठेका दिया गया था। बढ़ाए गए कांट्रैक्ट में 3.93 करोड़ रुपए की राशि बढ़ा दी गई है।

मुंबई महानगरपालिका की ओर से मुंबईकरों को उपलब्ध कराई जाने वाली दैनिक सुविधाओं में शहर की प्रमुख सड़कों की साफ-सफाई भी शामिल है। मुंबई की सड़कों की सफाई मनपा कर्मचारियों के अलावा कुछ इलाकों में निजी संस्थाओं द्वारा की जाती है। शहर, पूर्व उपनगर और पश्चिम उपनगर की प्रमुख सड़कों की यांत्रिक झाड़ से सफाई के लिए ठेका दिया गया है। इसमें बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स, सांताक्रुज चेंबूर लिंक रोड, पूर्व फ्रीवे, पूर्व एक्सप्रेस हाइवे और पश्चिम एक्सप्रेस हाइवे की सफाई शामिल है। यह ठेका मेसर्स एस के ग्रुप ऑफ कंपनी को वर्ष 2022 में दिया गया था, जिसकी कालावधि 2 वर्ष थी। यह ठेका 11 करोड़ 50 लाख, 92 हजार 822 रुपए का था। ठेके की अवधि समाप्त होने से पहले मनपा ने दोबार टेंडर जारी किए बिना उसी कंपनी को ठेका दे दिया है।
एक मनपा अधकारी ने बताया कि ठेके की अवधि और राशि में सुधार किया गया है। पूर्व में ठेके की अवधि 2 वर्ष थी, उसे बढ़ा कर 2 वर्ष 272 दिन कर दिया गया है। इसके अलावा ठेके की लागत बढ़ाकर 15 करोड़ 44 लाख 78 हजार 232 रुपए किया गया है। नए सिरे से टेंडर जारी करने से सड़कों की सफाई बाधित हो जाती। इसलिए इस ठेके का विस्तार कर दिया गया है। इससे सड़कों की सफाई प्रभावित नहीं होगी।


