- 5 ज्योतिर्लिंगों पर चढ़ाया हीरे का मुकुट और तिलक
विरार (सं. भा.) — विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल की नगरी में प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु दर्शन और पूजन के लिए पहुंचते हैं। भक्तजन अपनी आस्था के अनुरूप भगवान महाकाल को विभिन्न प्रकार का चढ़ावा अर्पित करते हैं। इसी श्रद्धा के चलते, मुंबई के हीरा व्यापारी ने भगवान महाकाल और माता पार्वती को हीरे जड़ित मुकुट और तिलक समर्पित किया।
हमारे संवाददाता से बातचीत में हीरा व्यापारी शशिकांत हीरालाल पटेल ने बताया, “मैं एस. के. जवेरी हूं और मुंबई में हीरे के आभूषणों का व्यवसाय करता हूं। मेरा मूल निवास खंभात, जिला आनंद, गुजरात में है। मेरे मन में संकल्प आया कि मैं 12 ज्योतिर्लिंगों पर हीरे के मुकुट अर्पण करूंगा। शिवजी की कृपा से मुझे यह प्रेरणा मिली और इसी संकल्प के तहत मैंने महाकालेश्वर मंदिर में पहला हीरे का मुकुट चढ़ाया। इसके बाद, ओंकारेश्वर, घृष्णेश्वर, नागेश्वर और सोमनाथ महादेव मंदिर में भी हरि के मुकुट और तिलक अर्पित कर चुका हूं।”

शशिकांत पटेल ने आगे कहा, “अब तक मैं पांच ज्योतिर्लिंगों पर यह पवित्र कार्य पूरा कर चुका हूं और यह सब शिव और माता पार्वती की कृपा से ही संभव हो सका है। भले ही मेरे पास समय और साधन सीमित हों, लेकिन शिव कृपा से मुझे यह कार्य करने की शक्ति और सहयोग मिलता रहा है। इस शुभ कार्य को पूरा करने में सभी का समर्थन मिला, जिसके लिए मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।”
उनकी इस अनूठी श्रद्धा और समर्पण से न केवल मंदिरों की आभा बढ़ी है, बल्कि अन्य श्रद्धालुओं को भी प्रेरणा मिली है। अब सभी की निगाहें इस ओर हैं कि वे अपने संकल्प के तहत शेष 7 ज्योतिर्लिंगों पर भी इसी तरह हीरे के मुकुट चढ़ाएंगे।


