spot_img
Homeमुंबईवसई-विरार की सड़कों से हटेंगे लावारिस वाहन, जल्द मिलेगी जाम से राहत

वसई-विरार की सड़कों से हटेंगे लावारिस वाहन, जल्द मिलेगी जाम से राहत

वसई (सं. भा.) — वसई-विरार में सड़कों के किनारे पड़े लावारिस और कबाड़ हो चुके वाहनों की वजह से आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इन वाहनों के कारण सड़क पर अतिक्रमण बढ़ गया है, जिससे न सिर्फ यातायात बाधित हो रहा है, बल्कि पार्किंग की समस्या भी गंभीर हो गई है। अब मनपा प्रशासन ने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस कदम उठाने का फैसला किया है।

मनपा आयुक्त अनिल कुमार पवार ने सभी प्रभाग अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लावारिस और कबाड़ हो चुके वाहनों का सर्वेक्षण करें, ताकि इन्हें जल्द से जल्द हटाया जा सके। मनपा के संबंधित अधिकारी विश्वनाथ तलेकर ने जानकारी दी कि पूरे शहर में सर्वे होने के बाद इन वाहनों को शहर से दूर डंप किया जाएगा।

वसई-विरार के भीड़भाड़ वाले इलाकों में लावारिस वाहनों की वजह से ट्रैफिक जाम और पार्किंग की समस्या विकराल होती जा रही है। फुटपाथों पर फेरीवालों का अतिक्रमण और सड़कों के किनारे खड़ी जर्जर गाड़ियों ने वसईकरों की रफ्तार धीमी कर दी है। प्रशासन के नए अभियान से इस समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। सर्वेक्षण में अब तक प्रभाग-सी में 20 और प्रभाग-आई में 17 कबाड़ वाहन पाए गए हैं। अब देखना होगा कि मनपा का यह प्रयास वसई-विरार की ट्रैफिक समस्या को कितनी राहत दिला पाता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com