मुंबई (सं. भा.)। बरसात के मौसम में मनपा की मनमानी से जहां जगह -जगह जलजमाव हो रहा है वहीं सफाई के अभाव में कचरों का अंबार लगता जा रहा है। जिससे कांदिवली पश्चिम के गणेश नगर परिसर में बरसाती बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ता जा रहा है। भारी बारिश से जहां सड़कों पर पानी भर कर बाढ़ का दृश्य उत्पन्न हो रहा है, वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की लापरवाही से गंदगी बढ़ कर गंध फैला रही है। कोढ़ में खाज यह की परिसर में चलने वाले अवैध प्लेटिंग कारखाने और वहां से निकलने वाला दूषित रसायन अपनी बदबू से लोगों का जीना मोहाल कर रहा है। गणेश नगर के इस्लाम कंपाउंड, के. डी. कंपाउंड, गांधी नगर, एकता नगर, ओल्ड लिंक रोड, मनिहार चाल, ९० फीट रोड, न्यू लिंक रोड, लालजी पाड़ा, आदि परिसरों में बड़े पैमाने पर प्लेटिंग, प्लास्टिक, बैकरी, फेब्रिकेटिंग आदि कारखाने बिना किसी लायसेंस के चलाये जा रहे हैं। बताया जाता है कि नगरसेवकों के आर्शिवाद से मनपाकर्मी भी मेहरबान रहते है।
मजे की बात यह है कि नेताओंके साथ उनके पंटरछाप कार्यकर्ता, जो कभी लुक्खागिरी किया करते थे आज नेताओंके लिए इन कारखानों से वसूली कर रहे हैं। बताया जाता है कि इन्ही पैसों से लोगों को लुभाने के लिए फ्री मेडिकल कैम्प का दिखावा किया जाता है, आज भी बड़ी गटर ही नही चालों कि छोटी नालियां भी थोड़ी सी बारिश में भर जाती है। जिससे निवासियों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है। छोटे-छोटे स्कूली बच्चे भीगते हुए स्कूल जाते हैं, जनता उस दिन को कोस रही है, जब इनके चिकनी चुपड़ी बातों मे आकर इन्हें चुनाव जितवाया था लेकिन जीतने के बाद इन नेताओंने गिरगिट कि तरह अपना रचग बदल लिया है, और बिल्डरों कि दलाली शुरु कर दी है, जबकि जनता अपने हाल पर ठगा हुआ महसूस कर रही है।


