spot_img
Homeमुंबईएक मंच पर महाराष्ट्र और यूपी-बिहार की संस्कृति

एक मंच पर महाराष्ट्र और यूपी-बिहार की संस्कृति

नालासोपारा में हुआ अनोखा संगम

नालासोपारा (स भा): जनता पार्टी वसई विरार जिला और वरिष्ठ भाजपा नेता अमरजीत मिश्रा द्वारा स्थापित सामाजिक-सांस्कृतिक संस्था अभियान के संयुक्त तत्वावधान में नालासोपारा पूर्व में कैपिटल मॉल के सामने दही हांडी उत्सव और कजरी महोत्सव का भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। यह कार्यक्रम महाराष्ट्र और उत्तर भारत की संस्कृति और भाषाई सद्भाव का एक उत्तम उदाहरण साबित हुआ।
एक ओर महाराष्ट्र की पारंपरिक भव्य दही हांडी, तो उसी मंच से कजरी आदि अनेक उत्तर भारतीय लोकगीत तथा महाराष्ट्र के मराठी भाषा के लोकगीत और भावगीत का अनोखा संगम नालासोपारा में दिखाई दिया। कार्यक्रम में पालघर के सांसद डॉ. हेमंत सावरा, नालासोपारा के विधायक राजन नाईक, वसई की विधायक स्नेहा दुबे पंडित, वसई विरार जिला भाजपा अध्यक्षा प्रज्ञा पाटील, शिवसेना नेता नवीन दुबे, रामकला बिल्डर आशीष मिश्रा, आइकॉन हॉस्पिटल के अरविंद सिंह और शशिकांत उपाध्याय आदि गणमान्य लोगों ने भाग लेकर आयोजकों की सराहना करते हुए कृष्ण भक्तों और संगीत प्रेमियों को शुभकामनाएं दीं। भाजपा नेता अमित ओमप्रकाश दुबे के साथ, अभय कक्कड़, शशिकांत दुबे, पवन सिंह, अरुण सिंह, अभिषेक सोनी, संस्कार शर्मा आदि पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने एक महीने की अथक मेहनत से इस कार्यक्रम को सफल बनाया, जिसमें हजारों गोविंदाओं और कृष्ण भक्तों ने गोकुलाष्टमी उत्सव का आनंद लिया।
लोकगायिका संजोली पांडेय ने इस कार्यक्रम में भोजपुरी के अश्लील गीतों की हांडी फोड़ी और सभी को पारंपरिक गीतों का संकल्प दिलाया। मूसलाधार बारिश के बीच दही हांडी फोड़ते गोविंदाओं की टोली, अयोध्या की गायिका संजोली पांडेय के मुखारविंद से बरसती कजरी के साथ भोजपुरी-मराठी के लोकगीत और भावगीत, और दूसरी ओर कान्हा के खेल को देखने आए हजारों की संख्या में उत्साही लोगों की भीड़, इस कंक्रीट के जंगल में लोकसंगीत के माधुर्य की कहानी तो कह ही रहे थे, लेकिन साथ ही मायानगरी में सनातनी आस्था का प्रकटीकरण भी दिख रहा था। युवा भाजपा नेता अमित दुबे द्वारा कार्यक्रम से पहले टी-शर्ट का वितरण किया गया था।
अभियान पिछले ग्यारह दिनों से विभिन्न इलाकों में कजरी का आयोजन कर रही है। संजोली की भोजपुरी कजरी पर लोग खूब झूमे। लोगों ने यूपी से आईं गायिका संजोली के गाए शुद्ध मराठी गीतों की भी खूब प्रशंसा की। मुंबई बीजेपी उपाध्यक्ष अमरजीत मिश्र ने मुंबई की दही हांडी उत्सव में भोजपुरी के कजरी गाने को ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का उत्तम दृष्टांत बताया। युवा भाजपा नेता अमित दुबे ने कहा कि महाराष्ट्र में नालासोपारा को इसलिए याद किया जाएगा क्योंकि इसी भूमि से बुराई पर अच्छाई की जीत का सिलसिला शुरू होता है।
रविवार, 17 अगस्त को शाम 5 बजे बांद्रा पश्चिम के रंग शारदा हॉल में अभियान के कजरी महोत्सव का समापन होगा। कजरी क्वीन संजोली पांडेय के साथ ब्रह्मनन्दा पाटणकर लोकगीत प्रस्तुत करेंगे। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में एक नाटक भी प्रस्तुत किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com