मनपा व सरकारी अस्पताल के कर्मचारियों- अधिकारियों के लिए बना नियम
मुंबई(स भा): मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) और महाराष्ट्र राज्य के सरकारी अस्पतालों ने अपने सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को ड्यूटी के दौरान निर्धारित यूनिफॉर्म और पहचान पत्र (आईडी कार्ड) पहनने का कड़ा निर्देश जारी किया है। नियम का पालन न करने पर संबंधित कर्मचारी का उस दिन का वेतन काटा भी जाएगा। इस आशय का एक सर्कुलर डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर अस्पताल, परेल ने जारी करते हुए साफ किया है कि महाराष्ट्र सरकार और बीएमसी के नियमों के अनुसार ड्यूटी पर सभी कर्मचारियों का यूनिफॉर्म में रहना अनिवार्य है। परिपत्र में कहा गया कि कई बार कर्मचारी बिना यूनिफॉर्म या आई कार्ड के ड्यूटी करते हैं, जिससे आम जनता के लिए उन्हें पहचानना मुश्किल हो जाता है।
आदेश में यह भी निर्देश दिया गया कि प्रत्येक विभाग प्रमुख को अपने स्तर पर निगरानी रखनी होगी और यदि कोई कर्मचारी ड्यूटी पर बिना वर्दी या पहचान पत्र पाया जाता है, तो उसकी लिखित रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपनी अनिवार्य होगी।
इसी तरह का निर्देश सेंट जॉर्ज सरकारी अस्पताल ने भी अपने कर्मचारियों के लिए जारी किया है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि यह कदम कर्मचारियों की पहचान सुनिश्चित करने और मरीजों व आम जनता के लिए सुविधा बढ़ाने के लिए उठाया गया है।


