छापेमारी से पहले अवैध धंधेबाजों को, आखिर कौन देता है खबर.?
मुंबई (स भा): राज्य सरकार के सख्त आदेशों के बावजूद सहार पुलिस स्टेशन क्षेत्र में अवैध गतिविधियां धड़ल्ले से जारी हैं. यहां ‘ऑर्डरली राज’ की चर्चा जोरों पर है. छापेमारी से पहले अवैध धंधेबाजों को आखिर खबर कौन देता है, यह हैरतअंगेज रहस्य बना हुआ है. एक युवा समाजसेवी ने कई रहस्यमयी तथ्य ‘संगठन भारत’ को मुहैया करवाया है।
गौरतलब है कि मुंबई पुलिस के जाबांज उच्च अधिकारी लगातार अवैध धंधेबाजों को कानूनराज सीखाने के लिए तत्पर हैं. फिर भी सहार पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत बेखौफ हैरतअंगेज कारनामें को अंजाम दिया जा रहा है. एक स्थानीय युवा समाजसेवी की मानें, तो यहां अब कानून नहीं बल्कि सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर के ‘ऑर्डरली का राज’ चल रहा है, जो हर कार्रवाई से पहले या खानापूर्ति के बाद पूरा सिस्टम “मैनेज” कर देता है. इतना ही नहीं बल्कि सहार पुलिस स्टेशन क्षेत्र में सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर का ऑर्डरली ही पूरे क्षेत्र में चल रहे अवैध कारोबारों पर अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए है, वही यह तय करता है कि किस पर छापा पड़ना है और किसे पहले से सूचना देनी है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि “सीनियर के नाम पर सब कुछ होता है, लेकिन असल में फैसले ऑर्डरली के इशारे पर लिए जाते हैं।”

नॉरिश स्पा फिर से चर्चा में…
मरोल नाका स्थित नॉरिश स्पा (शॉप नंबर A-3, प्रिथ्वी परिसार को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी) का मामला इस नेटवर्क का ताज़ा उदाहरण है. इस स्पा पर लंबे समय से अवैध गतिविधियों की शिकायतें हैं, लेकिन हर बार मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है. स्थानीय निवासियों का कहना है, “जैसे ही कार्रवाई की चर्चा होती है, स्पा तुरंत बंद कर दिया जाता है और अगले दिन फिर चालू हो जाता है।”
सीनियर का जवाब, कार्रवाई नदारद..
हकीकत की पड़ताल के लिए जब “संगठन भारत” प्रतिनिधि ने इस मामले में सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर से संपर्क किया, तो उन्होंने कहा “हमने गाड़ी भेजी थी, कार्रवाई की जा रही है।”
स्थानीय नागरिकों और एक युवा समाजसेवी के अनुसार, यह बयान केवल औपचारिकता बनकर रह गया है. हर बार जब भी पुलिस टीम छापेमारी के लिए रवाना होती है, तो पुलिस सिस्टम में बैठा कोई फर्ज गद्दार स्पा या बार मालिकों को सूचना दे देता है, जिससे वे तुरंत अवैध गतिविधि बंद कर देते हैं. अधिकारियों के पहुँचने तक सब कुछ सामान्य दिखाया जाता है।
ऑर्डरली की “सेटिंग” – स्थानीय लोगों का आरोप है कि पूरा खेल ‘ऑर्डरली की सेटिंग’ के तहत चलता है. हर कार्रवाई से पहले सूचना लीक कर दी जाती है और बाद में दिखाया जाता है कि सब कुछ सामान्य है. समाजसेवी वर्ग का कहना है कि अगर ‘ऑर्डरली की भूमिका’ की निष्पक्ष जांच कराई जाए, तो सहार पुलिस स्टेशन क्षेत्र में चल रहे कई अवैध धंधों का पर्दाफाश हो सकता है।


