spot_img
Homeमुंबईअखाड़े की मिट्टी में लौटी परंपरा — ‘खासदार क्रीड़ा महोत्सव’ में दिखा...

अखाड़े की मिट्टी में लौटी परंपरा — ‘खासदार क्रीड़ा महोत्सव’ में दिखा देसी जोश

कांदिवली के अखाड़े में हुआ विराट दंगल,

हजारों दर्शकों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला

मुंबई (सं. भा.): जहां आज के युवा फिटनेस के लिए जिम और आधुनिक उपकरणों पर निर्भर हैं, वहीं कांदिवली में मिट्टी के अखाड़े की खुशबू और पारंपरिक कुश्ती का जुनून एक बार फिर लौट आया। ‘खासदार क्रीड़ा महोत्सव 2025 – उत्तर मुंबई’ के तहत आयोजित इस विराट कुश्ती दंगल में पहलवानों ने दिखाया कि असली ताकत और अनुशासन अब भी भारतीय मिट्टी से ही जन्म लेता है।
मिट्टी के अखाड़े में 86 पहलवानों ने अपने दमखम और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया, जिनमें 80 पुरुष और 6 महिला पहलवान शामिल थीं। हर मुकाबले के साथ दर्शकों का उत्साह बढ़ता गया, और तालियों की गूंज ने माहौल को ऊर्जावान बना दिया। आसपास के इलाकों से उमड़ी भीड़ ने इस आयोजन को खेल भावना का उत्सव बना दिया।
यह आयोजन केंद्रीय मंत्री और सांसद पीयूष गोयल के सहयोग से संपन्न हुआ। मंच पर ओलिंपियन नरसिंह यादव, पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी, विधायक संजय उपाध्याय, आचार्य पवन त्रिपाठी, अमरजीत मिश्र, यूनुस खान, श्रीकांत पांडेय, विद्यार्थी सिंह, दीपक (बाला) तावडे, तेजिंदर सिंह तिवाना और महाराष्ट्र केसरी उदयराज यादव सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


इस भव्य आयोजन के संयोजक पूर्व नगरसेवक कमलेश यादव ने कहा कि यह प्रतियोगिता सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि “युवा पीढ़ी को मिट्टी और मेहनत की ताकत से जोड़ने का प्रयास” है। उनके नेतृत्व में आयोजन टीम ने इसे अनुशासित और भव्य स्वरूप दिया।
दिनभर चले इस दंगल में पहलवानों की जुझारू भावना, ताकत और खेल के प्रति समर्पण ने सभी का मन मोह लिया। विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया, जबकि दर्शकों ने इसे “मुंबई की धरती पर खेल भावना का सबसे ऊर्जावान नजारा” बताया।
यह आयोजन न केवल युवाओं में पारंपरिक खेलों के प्रति रुचि जगाने वाला साबित हुआ, बल्कि मुंबई में भारतीय कुश्ती संस्कृति के पुनर्जागरण की दिशा में एक प्रेरक कदम भी बन गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com