spot_img
Homeमुंबईडॉ. उमाकान्त बाजपेयी को श्रद्धांजलि

डॉ. उमाकान्त बाजपेयी को श्रद्धांजलि

मुंबई (स भा): मुंबई महानगर में राजभाषा हिंदी के प्रचार प्रसार के समर्पित सिपाही और हिन्दी का साथ, हिन्दी का विकास और हिन्दी पर विश्वास के प्रतीक आशीर्वाद के संस्थापक डॉ उमाकान्त बाजपेयी की स्मृति में शहर के लेखक, पत्रकार, गायक, संस्कृति कर्मियों, कलाकारों व राजनेताओं ने जुहू के क्लब मिलेनियम में आयोजित श्रद्धाजंलि कार्यक्रम में श्रद्धा सुमन अर्पित किए। बता दें कि डॉ बाजपेयी का 6 नवंबर को निधन हो गया था।
इस अवसर पर पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपा शंकर सिंह, मुंबई भाजपा अध्यक्ष विधायक अमित साटम, उपाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी, नगरसेविका सुधा सिंह, रंगकर्मी ओम कटारे, साहित्यकार अभिलाष अवस्थी, डॉ करुणा शंकर उपाध्याय, महेश दुबे, डॉ वागीश सारस्वत, डॉ राधेश्याम गुप्ता, गायक उदित नारायण, बृज मोहन अग्रवाल, संपादक अभिजीत राणे, डॉ बनमाली चतुर्वेदी, राजिल सयानी, मितुल प्रदीप, हरीश भिमानी, वीरेंद्र याग्निक, डॉ मुकेश गौतम, कवि नारायण अग्रवाल, फिल्मकार अशोक पंडित, चैतन्य पादुकोण एड अरविंद तिवारी एड पुनीत चतुर्वेदी, एड विजय सिंह, डॉ प्रमिला शर्मा, लक्ष्मी यादव, गीतकार रासबिहारी पांडेय, अर्चना जौहरी, डॉ शैलेश श्रीवास्तव, रजिया रागिनी, राम जवाहरानी, शायर सतीश शुक्ला रक़ीब, आफताब आलम, अनिल गलगली, रीमा राय सिंह, संगीता दुबे राजीव रोहित, राज किशोर तिवारी, रवि यादव, रेखा बब्बल, चित्रा देसाई, एड अंजनी सिंह, समेत शहर के अनेक प्रतिष्ठित नागरिकों ने डॉ उमाकांत वाजपेयी की हिंदी सेवा व समाज सेवा की मुक्त कंठ से सराहना की।
बता दें कि 87 वर्ष के डॉ बाजपेयी ने पिछले कुछ दिनों से अन्न जल त्याग कर 6 नवंबर को स्वेच्छा से गोलोक गमन का रास्ता अख्तियार किया। कार्यक्रम में पुत्रियां नीता, निरुपमा, संगीता, दामाद शेखर आदि परिजनों ने उपस्थितों के प्रति आभार प्रकट किया। संचालन देवमणि पाण्डेय व राजेश विक्रांत ने किया। इस अवसर पर कृपा शंकर सिंह ने डॉ बाजपेयी की स्मृति को अक्षुण्ण रखने के लिए उन पर एक पुस्तक सृजन का सुझाव दिया। आशीर्वाद के पूर्व चेयरमैन राम जवाहरानी ने घोषणा की कि उनकी संस्था सहयोग फाउंडेशन डॉ बाजपेयी की स्मृति में एक पुरस्कार शुरू करेगी। बता दें कि लेखक, संपादक, आयोजक, समाजसेवी के रूप में डॉ बाजपेयी की ख्याति रही।1969 में आशीर्वाद नाम की पत्रिका का प्रकाशन तथा 1977 में आशीर्वाद संस्था का शुभारंभ किया। वे भारतीय जीवन बीमा निगम में 1998 तक कार्यरत रहे। हिंदी के पुरस्कृत एकांकी, मुंबई के हिन्दी कवि, मुंबई की हिन्दी कवियित्रियाँ के संपादक डॉ बाजपेयी ने
चार कहानी संग्रह- एक था नर एक थी मादा, एक मृग सोने का, बैंड बाजा बुलेट और जय राम जी की भी लिखे।
सन् 1974 एवं 1978 में अखिल भारतीय लेखक सम्मेलन का आयोजन किया जो मुंबई का पहला हिन्दी लेखक सम्मेलन था।
सन् 1978 से आशीर्वाद फिल्म अवार्ड शुरू किया, जो पच्चीस वर्षों तक लगातार आयोजित होता रहा जिसमें सिनेमा जगत की मशहूर हस्तियाँ उपस्थित होती रहीं। 1991 से हिन्दी के प्रचार-प्रसार हेतु आशीर्वाद राजभाषा पुरस्कार एवं सम्मेलन का शुभारंभ किया, जो आज भी जारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com