हार्बर लाइन लोकल में हुई घटना,
यात्रियों की सूचना पर तुरंत की गई कार्रवाई
नवी मुंबई (सं. भा.): मुंबई की लोकल ट्रेनें जहां लाखों यात्रियों की जीवनरेखा हैं, वहीं रविवार को एक लोकल में हुई अभद्रता की घटना ने यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा कर दिया। पनवेल से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) जा रही हार्बर लाइन लोकल में एक महिला यात्री से अनुचित व्यवहार करने के आरोप में एक ट्रांसजेंडर व्यक्ति को वाशी रेलवे पुलिस ने हिरासत में लिया है।
जीआरपी अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ट्रेन के जनरल डिब्बे में चढ़ा था और यात्रियों से पैसे मांग रहा था। ट्रेन जब सीवुड स्टेशन पार कर रही थी, तभी आरोपी और एक पुरुष यात्री के बीच कहासुनी हो गई। इस दौरान आरोपी ने उस यात्री को अपशब्द कहे और उसकी महिला साथी के कंधे पर हाथ रख दिया, जिससे महिला घबरा गई और तत्काल जीआरपी हेल्पलाइन पर शिकायत की।
सूचना मिलते ही वाशी जीआरपी टीम ने ट्रेन के वाशी स्टेशन पहुंचते ही आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ छेड़छाड़ और सार्वजनिक असभ्यता के आरोपों में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि उसने पहले भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं। वाशी जीआरपी ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी अनुचित व्यवहार या संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 182 या आपातकालीन नंबर 112 पर संपर्क करें।


