कल्याण (सं.भा.): शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ाने वाली घटना सामने आई है। ऐप आधारित टैक्सी सेवाओं को सुरक्षित माना जाता है, लेकिन कुछ घटनाएं इन दावों पर सवाल खड़े कर रही हैं। ताजा मामला कल्याण का है, जहां बाइक टैक्सी चालक पर एक युवती के साथ छेड़छाड़ और पैसे लूटने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगा है।
पुलिस के अनुसार, 13 दिसंबर को महात्मा फुले चौक पुलिस थाना क्षेत्र में यह घटना हुई। 26 वर्षीय युवती ने जिम जाने के लिए मोबाइल ऐप के जरिए बाइक टैक्सी बुक की थी। आरोप है कि चालक ने तय स्थान पर ले जाने के बजाय युवती को सुनसान और अंधेरे रास्ते की ओर मोड़ दिया।
सिंडिकेट पुलिस चौकी की सीमा में आरोपी ने बाइक रोक दी और युवती के साथ अश्लील हरकतें करने लगा। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने उसका हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की, उसके मुंह में मिट्टी डाल दी और जान से मारने की धमकी देकर पर्स से 1,000 रुपये निकालने की कोशिश की। युवती के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय नागरिकों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामला दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 18 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में ऐप आधारित बाइक टैक्सी सेवाओं में महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। नागरिकों ने मांग की है कि ऐसी सेवाओं पर कड़ी निगरानी और सुरक्षा जांच व्यवस्था और मजबूत की जाए।


