मुंबई (सं.भा.): मायानगरी मुंबई हर साल हजारों सपनों को अपनी ओर खींचती है, लेकिन यहां टिक पाना और पहचान बनाना हर किसी के बस की बात नहीं होती। कड़ी मेहनत, धैर्य और किस्मत—तीनों का साथ मिले, तभी सिल्वर स्क्रीन पर जगह मिलती है। ऐसी ही एक प्रेरक कहानी है अभिनेत्री माही गिल की, जिन्होंने संघर्षों को पीछे छोड़ते हुए बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई।
शुक्रवार को माही गिल ने अपना 50वां जन्मदिन मनाया। 19 दिसंबर 1975 को चंडीगढ़ में जन्मी माही ने अपने करियर की शुरुआत पंजाबी सिनेमा से की थी, लेकिन उनका सपना बड़े पर्दे पर छाने का था। इसी सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने मुंबई का रुख किया।
माही को फिल्मों में पहला मौका बेहद दिलचस्प तरीके से मिला। एक इंटरव्यू में उन्होंने खुलासा किया था कि वह एक बच्चे की बर्थडे पार्टी में डांस कर रही थीं, तभी फिल्ममेकर अनुराग कश्यप की नजर उन पर पड़ी। उसी एक पल ने उनकी किस्मत बदल दी। अनुराग कश्यप ने उन्हें फिल्म ‘देव डी’ में पारो का किरदार दिया और माही ने बतौर न्यूकमर शानदार छाप छोड़ी। इस फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड भी मिला।
इसके बाद माही गिल ने अलग-अलग और दमदार किरदारों से खुद को साबित किया। ‘गुलाल’, ‘साहेब बीवी और गैंगस्टर’, ‘पान सिंह तोमर’, ‘बुलेट राजा’ और ‘फैमिली ऑफ ठाकुरगंज’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को खूब सराहा गया। माही ने ज्यादातर फिल्मों में सशक्त और चुनौतीपूर्ण भूमिकाएं निभाईं, जो उन्हें भीड़ से अलग करती हैं।
कम ही लोग जानते हैं कि अभिनय की दुनिया में आने से पहले माही गिल भारतीय सेना का हिस्सा थीं। हालांकि, अभिनय के जुनून ने उन्हें सुरक्षित नौकरी छोड़ने का साहस दिया। उन्होंने तेलुगू सिनेमा में भी हाथ आजमाया, लेकिन वहां उन्हें अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकी।
आज माही गिल उन अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं, जिन्होंने मेहनत और प्रतिभा के दम पर अपनी अलग पहचान बनाई है—उनकी कहानी उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सपनों को सच करने की हिम्मत रखते हैं।


