spot_img
Homeमुंबईसस्पेंडेड सीआईएसएफ अधिकारी गिरफ्तार

सस्पेंडेड सीआईएसएफ अधिकारी गिरफ्तार

सरकारी नौकरी का झांसा देकर ठगी

मुंबई (सं.भा.): सरकारी नौकरी की चाह रखने वाले युवाओं को निशाना बनाकर ठगी करने के मामलों पर पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। बोरीवली पश्चिम स्थित एमएचबी पुलिस ने सीआईएसएफ में नौकरी लगवाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक सस्पेंडेड सीआईएसएफ अधिकारी को गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा किया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने खुद को सीआईएसएफ का प्रभावशाली अधिकारी बताकर एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया और किस्तों में करीब 8 लाख रुपये ऐंठ लिए। लंबे समय तक नौकरी नहीं लगने और आरोपी के टालमटोल करने पर पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ, जिसके बाद उसने एमएचबी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी वास्तव में सीआईएसएफ का अधिकारी है, लेकिन किसी अन्य मामले में उसे पहले ही निलंबित किया जा चुका है। इसके बावजूद वह वर्दी और पद का रौब दिखाकर लगातार लोगों से ठगी करता रहा।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीलेश काशीराम राठौर (35 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ इससे पहले आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) में भी सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला दर्ज है।

फिलहाल एमएचबी पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस तरह की ठगी में और कितने लोग उसके शिकार बने हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com