प्रयागराज (सं.भा.): संगमनगरी प्रयागराज का प्रमुख रेलवे स्टेशन प्रयागराज जंक्शन अब सिर्फ ट्रेनों के संचालन तक सीमित नहीं रहेगा। रेलवे इसे एक बड़े व्यावसायिक केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना पर काम कर रहा है। इसी कड़ी में रेलवे भूमि विकास प्राधिकरण ने स्टेशन की नई इमारत के तीसरे से नौवें तल तक के हिस्से को व्यावसायिक उपयोग के लिए लीज पर देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस योजना के तहत स्टेशन की ऊपरी मंजिलों पर मॉल, होटल, कार्यालय और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान विकसित किए जा सकेंगे। इसके लिए रेलवे भूमि विकास प्राधिकरण ने ई-निविदा जारी कर दी है, जिससे निजी निवेशकों को इस परियोजना में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
परियोजना के अंतर्गत लगभग दो लाख वर्ग फीट से अधिक क्षेत्र को 45 वर्षों की लीज पर दिया जाएगा। इस स्थान पर निजी कंपनियां आधुनिक सुविधाओं से लैस मॉल, होटल, कॉरपोरेट कार्यालय और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां शुरू कर सकेंगी। रेलवे ने इस परियोजना के लिए करीब 130 करोड़ रुपये का आरक्षित मूल्य निर्धारित किया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह परियोजना राजस्व साझाकरण मॉडल पर आधारित होगी, जिसमें रेलवे को न्यूनतम 25 प्रतिशत हिस्सेदारी प्राप्त होगी। वहीं स्टेशन की भूतल से दूसरी मंजिल तक का हिस्सा पूरी तरह यात्रियों की सुविधाओं के लिए ही उपयोग में लाया जाएगा।
परियोजना में रुचि रखने वाली कंपनियों के लिए 17 मार्च को रेलवे भूमि विकास प्राधिकरण के मुख्यालय में प्री-बिड बैठक आयोजित की जाएगी, जबकि निवेशक अपनी ई-निविदा 23 अप्रैल तक जमा कर सकेंगे।
नई योजना के तहत स्टेशन परिसर को आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। इसमें बहुस्तरीय फुटओवर ब्रिज, दो स्तर का स्काईवॉक, विशाल कॉनकोर्स, आधुनिक आगमन भवन, शहर के प्रमुख इलाकों से बेहतर संपर्क व्यवस्था और वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा शामिल होगी।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस परियोजना के जरिए स्टेशन परिसर का बेहतर उपयोग होगा। इससे यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और रेलवे को लंबे समय तक स्थायी राजस्व भी प्राप्त होगा।
स्टेशन से व्यापारिक केंद्र तक का सफर, प्रयागराज जंक्शन को मिलेगी नई पहचान
RELATED ARTICLES


