ठाणे (सं.भा.) महाराष्ट्र में आगामी जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनावी तैयारियों के बीच शिवसेना ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए बड़ा अभियान शुरू किया है। इसी कड़ी में शिवसेना संसदीय दल के नेता और कल्याण लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. श्रीकांत एकनाथ शिंदे 16 मई 2026 से राज्यभर में दो महीने का व्यापक संवाद दौरा शुरू करेंगे। यह दौरा 15 जुलाई तक चलेगा, जिसमें वे महाराष्ट्र के 22 जिलों और 100 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से सीधा संवाद करेंगे।
मुंबई में आयोजित पत्रकार परिषद में शिवसेना सचिव भाऊसाहेब चौधरी ने बताया कि उपमुख्यमंत्री और शिवसेना के मुख्य नेता एकनाथ शिंदे के निर्देश पर यह विशेष संगठनात्मक अभियान तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य आगामी स्थानीय स्वराज्य संस्था चुनावों से पहले पार्टी संगठन को अधिक सक्रिय, मजबूत और बूथ स्तर तक प्रभावी बनाना है। दौरे की शुरुआत उत्तर महाराष्ट्र से की जाएगी।
उन्होंने बताया कि डॉ. श्रीकांत शिंदे इससे पहले विधानसभा चुनाव 2024 से पूर्व भी राज्य के कई विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर चुके हैं। उस दौरान उन्होंने बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों की बजाय जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठनात्मक रणनीति तैयार की थी। इसी मॉडल को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी वे स्थानीय मुद्दों, चुनावी चुनौतियों और कार्यकर्ताओं की राय जानकर संगठन को नई दिशा देने का प्रयास करेंगे।
इस राज्यव्यापी दौरे में बूथ प्रमुखों और बीएलए की नियुक्ति, संगठनात्मक रणनीति, विभिन्न इकाइयों की समीक्षा और चुनावी तैयारियों पर विशेष चर्चा की जाएगी। जिला प्रमुख, संपर्क प्रमुख, तालुका प्रमुख, शाखा प्रमुख, महिला आघाड़ी, युवासेना पदाधिकारी और बूथ स्तर के शिवसैनिकों के साथ अलग-अलग बैठकें आयोजित होंगी।
दौरे के पहले चरण में मई माह के दौरान नाशिक, धुले, अहिल्यानगर, बीड, अमरावती और अकोला जिलों का दौरा किया जाएगा। जून में जळगांव, नंदुरबार, यवतमाल, वाशिम, नांदेड़, हिंगोली, वर्धा, चंद्रपुर और गडचिरोली जिलों में बैठकें होंगी, जबकि जुलाई में बुलढाणा, जालना, नागपुर, भंडारा, गोंदिया, ठाणे और पालघर जिलों का दौरा प्रस्तावित है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह दौरा आगामी स्थानीय स्वराज्य संस्था चुनावों के मद्देनजर शिवसेना की चुनावी रणनीति तय करने और संगठन को नई ऊर्जा देने में अहम भूमिका निभाएगा।
दो महीने के राज्यव्यापी दौरे पर निकलेंगे डॉ. श्रीकांत शिंदे
RELATED ARTICLES


