ठाणे (सं.भा.)शहापुर तहसील के डोलखांब वन क्षेत्र में कई दिनों से दहशत का पर्याय बने नरभक्षी तेंदुए को आखिरकार वन विभाग ने पकड़ लिया है। आठ वर्षीय मासूम कृष्णा आगीवाले की जान लेने के बाद से पूरे इलाके में भय और गुस्से का माहौल था। तेंदुए के पकड़े जाने की खबर सामने आते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और गांव में खुशी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, डोलखांब वन परिक्षेत्र के कई गांवों में यह तेंदुआ लगातार घूमता दिखाई दे रहा था। उसके डर से ग्रामीणों ने बच्चों को घरों से बाहर भेजना कम कर दिया था, जबकि खेतों में काम करने वाले किसान और महिलाएं भी दहशत में जी रहे थे। कुछ दिनों पहले लाद्याची वाडी के जंगल क्षेत्र में गए आठ वर्षीय कृष्णा आगीवाले पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया था, जिसमें उसकी दर्दनाक मौत हो गई थी।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया था। लोगों ने वन विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की थी। श्रमजीवी संगठन समेत कई सामाजिक संगठनों ने आंदोलन की चेतावनी भी दी थी। लगातार बढ़ते दबाव और अभियान के बाद वन विभाग की टीम ने आखिरकार शनिवार रात तेंदुए को पिंजरे में कैद कर लिया।
वन परिक्षेत्र अधिकारी विशाल सालकर ने बताया कि पकड़े गए तेंदुए को आगे की प्रक्रिया के लिए मुंबई के बोरिवली क्षेत्र स्थित वन विभाग केंद्र भेजा गया है। वहीं, तेंदुए के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों और श्रमजीवी संगठन ने सोमवार 18 मई को आनंद उत्सव मनाने की घोषणा की है।


