गाजियाबाद, (सं.भा.) गाजियाबाद में सोमवार को किसानों का बड़ा शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला, जहां भारतीय किसान यूनियन की महापंचायत में हजारों किसान जुटे और सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जाहिर की। जमीन अधिग्रहण, मुआवजा, किसानों पर दर्ज मुकदमे और स्थानीय समस्याओं को लेकर आयोजित महापंचायत में बीकेयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने चेतावनी दी कि अगर किसानों की मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।
सीबीआई अकादमी के पास आयोजित महापंचायत में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों से किसान पहुंचे। किसानों की भारी भीड़ और बड़ी संख्या में वाहनों के पहुंचने से हापुड़ रोड पर लंबे समय तक जाम जैसी स्थिति बनी रही। सड़क किनारे ट्रैक्टर और अन्य वाहन खड़े होने से यातायात प्रभावित हुआ।
महापंचायत को संबोधित करते हुए राकेश टिकैत ने सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसानों की जमीनों पर जबरन कब्जा किया जा रहा है और विरोध करने वालों पर झूठे मुकदमे लगाए जा रहे हैं। टिकैत ने आरोप लगाया कि बिल्डरों और सरकार की मिलीभगत के कारण किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिल पा रहा और सर्किल रेट भी नहीं बढ़ाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अधिकारियों के साथ बातचीत हुई है, लेकिन अगर समस्याओं का समाधान नहीं निकला तो किसान बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। टिकैत ने कहा कि सरकार की नीतियों का सीधा असर किसानों और आम लोगों पर पड़ रहा है। पुराने वाहनों को हटाने और लगातार बढ़ती तेल कीमतों को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा।
महापंचायत के दौरान पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों को किसानों के विरोध का सामना करना पड़ा। किसानों ने साफ कहा कि छोटे अधिकारियों से बातचीत का कोई मतलब नहीं है और बड़े अधिकारियों को मौके पर बुलाया जाए। किसानों ने आंदोलन के दौरान गिरफ्तार किए गए कार्यकर्ताओं को रिहा करने की मांग भी उठाई। साथ ही मीरपुर हिंदू क्षेत्र में कूड़ा डंपिंग का विरोध करते हुए कहा कि गांव में कूड़ा नहीं डालने दिया जाएगा।
महापंचायत में तलहटा में एक्सप्रेसवे कट, लोनी के मंडोला में जमीन अधिग्रहण और सीपीडब्ल्यूडी परियोजनाओं से प्रभावित किसानों के मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। किसानों ने कहा कि लंबे समय से उनकी समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है, लेकिन अब किसान चुप बैठने वाले नहीं हैं।


