मथुरा (सं.भा.) वृंदावन स्थित श्रीबांकेबिहारी मंदिर में हर दिन उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मंदिर की सुरक्षा में लंबे समय से तैनात पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली और तैनाती अवधि की समीक्षा शुरू कर दी गई है। हाईपावर्ड प्रबंध समिति का मानना है कि सुरक्षा व्यवस्था में समय-समय पर बदलाव से पारदर्शिता बढ़ेगी और भीड़ प्रबंधन को और बेहतर बनाया जा सकेगा। इसी के तहत पांच वर्ष से अधिक समय से एक ही स्थान पर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों को हटाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
श्रीबांकेबिहारी मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था में वर्तमान में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं, जो मंदिर परिसर, प्रवेश द्वारों, आसपास की गलियों और बाजार क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा भीड़ नियंत्रण का कार्य संभालते हैं। हाईपावर्ड प्रबंध समिति के निर्देश पर अब तक 22 उप निरीक्षकों और हेड कांस्टेबलों का स्थानांतरण किया जा चुका है। समिति का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पुलिसकर्मी लंबे समय तक एक ही स्थान पर तैनात न रहे।
मंगलवार को होने वाली हाईपावर्ड प्रबंध समिति की बैठक में इस विषय पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। बैठक में पुलिस प्रशासन से कार्रवाई रिपोर्ट भी मांगी जाएगी। अधिकारियों के अनुसार मंदिर सुरक्षा में पांच वर्ष से अधिक समय तक कार्यरत कर्मियों को अन्य स्थानों पर भेजने की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन का मानना है कि इस कदम से सुरक्षा व्यवस्था और अधिक चुस्त-दुरुस्त होगी तथा श्रद्धालुओं को बेहतर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा।


