ठाणे (सं.भा.) लगातार हो रही बारिश के बीच ठाणे जिले के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। जिले की जलापूर्ति के प्रमुख स्रोत बारवी बांध में पानी पूरी क्षमता तक पहुंच गया है और बांध के सांडवे से पानी बहना शुरू हो गया है। बांध के 100 फीसदी भरने से ठाणे सहित आसपास के शहरों और औद्योगिक क्षेत्रों के लिए आगामी वर्ष पानी की उपलब्धता को लेकर राहत मिली है।
सोमवार 10 अगस्त की सुबह 7 बजे दर्ज आंकड़ों के अनुसार बारवी बांध का जलस्तर 72.61 मीटर पहुंच गया, जबकि खतरे का स्तर 72.60 मीटर है। बांध में करीब 339.02 मिलियन घनमीटर पानी जमा है और जलसंचय 100.05 फीसदी दर्ज किया गया। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर सांडवे से करीब 2.5 क्यूसेक की दर से पानी का विसर्ग शुरू किया है।
इस वर्ष अब तक जलग्रहण क्षेत्र में 2250.40 मिमी बारिश दर्ज की गई है। पिछले वर्ष 10 अगस्त को जलस्तर 72.28 मीटर और जलसंचय 96.64 फीसदी था। इस बार बेहतर बारिश और अधिक जलसंचय से ठाणे, कल्याण-डोंबिवली, उल्हासनगर, अंबरनाथ, बदलापुर और मीरा-भाईंदर सहित एमआईडीसी के औद्योगिक क्षेत्रों को भी बड़ी राहत मिली है।
हालांकि बांध से पानी छोड़े जाने के कारण बारवी नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी हो सकती है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और नदी के पात्र में न जाने की अपील की है। खासकर बच्चों को पानी के आसपास न जाने देने की हिदायत दी गई है।


