प्रमोद कुमार ,कल्याण (सं.भा.) महानगरी एक्सप्रेस से गांजा लेकर पहुंचे तस्करों ने पुलिस की भनक लगते ही कल्याण स्टेशन पर दो बैग छोड़ दिए और फरार हो गए। पुलिस ने दोनों बैगों से 27.380 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 13 लाख 69 हजार रुपये बताई गई है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के जरिए पुलिस ने मामले में एक आरोपी को सोलापुर से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को महानगरी एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर पहुंची थी। ट्रेन से दो संदिग्ध सामान्य श्रेणी के डिब्बे से उतरकर प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर दो बैग लेकर मोबाइल फोन पर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस उपनिरीक्षक महेंद्र पवार को दो लावारिस बैग दिखाई दिए। काफी देर तक कोई व्यक्ति बैग लेने नहीं आया तो पुलिस उन्हें थाने ले गई। पंचों की मौजूदगी में बैग खोलने पर उसमें गांजा मिला।
इसके बाद पुलिस ने स्टेशन परिसर और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दोनों संदिग्ध बैग छोड़कर वहां से जाते दिखाई दिए। कल्याण और ठाणे क्षेत्र में तलाश के बावजूद उनका पता नहीं चला। इसके बाद मुंबई रेलवे की तकनीकी शाखा की मदद से आरोपियों की पहचान की गई।
जांच में एक आरोपी की पहचान मोहम्मद मुख्तार उर्फ गुड्डू हुसैन शेख (27), निवासी अक्कलकोट, जिला सोलापुर के रूप में हुई। पुलिस टीम ने उसे सोलापुर से गिरफ्तार कर कल्याण लाया। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसने अपने साथी समीर अंसारी, निवासी भिवंडी, की मदद से ओडिशा से गांजा लाया था। पुलिस ने 10 सितंबर को सुबह 11.55 बजे उसे गिरफ्तार किया। फरार समीर अंसारी की तलाश जारी है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नितिन कामे और पुलिस निरीक्षक के.बी. कांबले के नेतृत्व में टीम ने पुलिस आयुक्त एम. राकेश कलासागर, उपायुक्त प्रज्ञा जडेजा और सहायक आयुक्त नीलिमा कुलकर्णी के मार्गदर्शन में की।


