लखनऊ (सं.भा.) उत्तर प्रदेश में मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए योगी सरकार की रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना को आगे बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है। योजना के तहत करीब 40 हजार छात्राओं को स्कूटी देने की तैयारी है। उच्च शिक्षा विभाग ने स्कूटी की खरीद के लिए जेम पोर्टल पर निविदा जारी कर दी है और सितंबर के अंत तक खरीद प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।
चयनित कंपनी को आदेश मिलने के बाद 100 दिनों के भीतर स्कूटी की आपूर्ति करनी होगी। इस हिसाब से जनवरी तक छात्राओं को स्कूटी मिलने की संभावना है। वाहनों की आपूर्ति प्रदेश के सभी 75 जिला मुख्यालयों और मंडल मुख्यालयों पर की जाएगी। किस स्थान पर कितनी स्कूटी भेजी जाएंगी, इसका निर्धारण खरीद आदेश जारी करते समय किया जाएगा।
विभाग ने लाभार्थियों की संख्या में जरूरत के अनुसार 25 प्रतिशत तक बढ़ोतरी या कमी का प्रावधान भी रखा है। आवश्यकता पड़ने पर इसमें और बदलाव किया जा सकता है। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. मोनिका सिंह के अनुसार, स्कूटी खरीद को लेकर विक्रेताओं के साथ 21 सितंबर को ऑनलाइन बैठक होगी।
योजना के तहत प्रत्येक स्कूटी के साथ निर्धारित मानक का हेलमेट और चार लीटर पेट्रोल भी दिया जाएगा। इसके अलावा गार्ड किट, ग्रिप कवर, किक रबर और सीट कवर सहित जरूरी एक्सेसरीज उपलब्ध कराना भी अनिवार्य होगा। स्कूटी बीएस-6 मानक वाली, ऑटोमैटिक और ट्यूबलेस टायर से लैस होगी।
इसी बीच दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण और उनके लिए बेहतर कार्य करने वाले व्यक्तियों व संस्थाओं को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार-2026 की घोषणा की गई है। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से 3 दिसंबर को विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे। इच्छुक व्यक्ति और संस्थाएं जिलाधिकारी की संस्तुति के साथ 15 सितंबर तक निदेशालय, लखनऊ में आवेदन कर सकते हैं। विभाग की ओर से पुरस्कार से जुड़ी जानकारी के लिए हेल्पलाइन भी उपलब्ध कराई गई है।


