मथुरा (सं.भा.) हिंदी साहित्य के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले साहित्यकार एवं शिक्षाविद् डॉ. शिवम् तिवारी को प्रतिष्ठित ‘सजल सेवा रत्न सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। सजल विधा के सृजन, प्रचार-प्रसार और संवर्धन के लिए किए गए उनके उल्लेखनीय कार्यों को देखते हुए यह सम्मान प्रदान किया गया। 15 नवंबर को मथुरा स्थित आर.सी.ए. महिला महाविद्यालय में सजल सर्जना समिति की ओर से आयोजित अष्टम वार्षिक सजल महोत्सव में उन्हें यह सम्मान दिया गया। यह सम्मान स्व. अंजली सक्सेना की पुण्य स्मृति में प्रदान किया गया। सजल विधा के प्रवर्तक डॉ. अनिल गहलोत एवं चित्रांश रजनीश ने डॉ. तिवारी को अंगवस्त्र, सम्मान राशि और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
मूल रूप से अंतू, प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) के निवासी डॉ. शिवम् तिवारी साहित्य, शिक्षा और राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में बहुआयामी योगदान के लिए जाने जाते हैं। वे अब तक पांच पुस्तकों का लेखन कर चुके हैं, जबकि 20 पुस्तकों का संपादन भी उनके नाम है। आईआईटी के पूर्व छात्र डॉ. तिवारी ने नौसेना में 15 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने शिक्षा और साहित्य को अपनी सक्रियता का प्रमुख क्षेत्र बनाया। वर्तमान में वे प्रतिज्ञा सैनिक स्कूल तथा प्रतिज्ञा सैनिक टेक्निकल एवं वोकेशनल एजुकेशन, बछरावां, रायबरेली के प्रबंध निदेशक के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
इस साहित्यिक आयोजन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े साहित्यकारों, शिक्षाविदों और विद्वानों ने सहभागिता की। प्रमुख रूप से रामायण केंद्र, भोपाल के निदेशक डॉ. राजेश श्रीवास्तव, सूरदास ब्रज भाषा अकादमी के निदेशक डॉ. केशव देव शर्मा, केंद्रीय हिंदी संस्थान, आगरा के वरिष्ठ आचार्य प्रो. उमापति दीक्षित, वृंदावन शोध संस्थान के निदेशक डॉ. राजीव द्विवेदी, साहित्य मंडल, श्रीनाथद्वारा के प्रधानमंत्री श्याम प्रकाश देवपुरा, विजय राठौर, इंजीनियर संतोष कुमार सिंह, डॉ. राम सनेहीलाल शर्मा ‘यायावर’ तथा एडवोकेट हर्मेंद्र सिंह गौर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
डॉ. शिवम् तिवारी को मिला यह सम्मान हिंदी साहित्य के प्रति उनकी निरंतर साधना और सजल विधा के विकास में उनके योगदान को मिली महत्वपूर्ण पहचान है। साहित्य, शिक्षा और राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में उनका अनुभव नई पीढ़ी के लिए भी प्रेरणास्रोत माना जा रहा है।
पांच पुस्तकों के लेखक डॉ. शिवम् तिवारी को साहित्यिक सम्मान
RELATED ARTICLES


