फतेहपुर (सं. भा.): चित्रकूट धाम व महानगर के लिए गाड़ियां बुक कराकर चालक को नशीली कोल्ड्रींग पिलाकर दो स्कार्पियो व बोलेरो लूट ले जाने वाले एक शातिरफतेहपुर (सं. भा.): चित्रकूट धाम व महानगर के लिए गाड़ियां बुक कराकर चालक को नशीली कोल्ड्रींग पिलाकर दो स्कार्पियो व बोलेरो लूट ले जाने वाले एक शातिर लुटेरे को इलाकाई पुलिस ने धर दबोचा, लेकिन उसका बड़ा भाई अपने साथी लुटेरे के साथ तीनों चार पहिया गाड़ियां लेकर दिल्ली रफूचक्कर हो गया। हत्थे चढ़े लुटेरे की निशानदेही पर एसओ खुद मय फोर्स दिल्ली गए, लेकिन वहां मुख्य सरगना नहीं मिला, जिससे पुलिस बैरंग लौट आई। हत्थे चढ़े लुटेरे को जेल भेजकर पुलिस पुलिस उक्त तीनों लुटेरों पर वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
बताते चलें कि गत दिनों शहर क्षेत्र के जयरामनगर मोहल्ला निवासी अनिल कुमार सिंह की स्कार्पियो को महानगर जाने के लिए बुक कराई गई थी। चालक गाड़ी लेकर पहुंचा तो उसे नशीला पदार्थ खिलाकर उसकी गाड़ी लूट ली गई थी। इसी प्रकार ललौली थाने के मूसेपुर देवगांव निवासी अंसार पुत्र अजीज की बोलेरो को गाजीपुर से चित्रकूट धाम जाने के लिए बुक कराई गई थी। बोलेरो चालक को भी नशीली कोल्ड्रींग पिलाकर लूट लिया गया था। उसके बाद शहर क्षेत्र के जयरामनगर मोहल्ला निवासी राजाराम पाल की स्कार्पियो को बुक कराकर उनकी गाड़ी भी लूट ली गई थी। इलाकाई पुलिस ने मुकदमा कायम कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी थी। मुखबिर की सूचना पर एसओ विपिन कुमार सिंह ने शहर क्षेत्र के जयरामनगर इलाके में रह रहे उत्तम शर्मा पुत्र रामनरेश -एकडला थाना किशनपुर को धर दबोचा। एसओ श्री सिंह ने बताया कि हत्थे चढ़े उत्तम शर्मा ने बताया कि उसका बड़ा भाई राज शर्मा दिल्ली में चार पहिया गाड़ियों की पार्किंग का ठेका लेता है, उक्त तीनों गाड़ियां दिल्ली चली गई हैं। गाड़ियों को दिल्ली तक ले जाने में उसके बड़े भाई राज शर्मा व महेंद्र सिंह -कटोघन खागा का हाथ है। जिस पर एसओ मय फोर्स दिल्ली रवाना हुए, लेकिन हत्थे चढ़े उत्तम का भाई हाथ नहीं लगा। एसओ श्री सिंह का कहना था कि गिरफ्तार उत्तम शर्मा को जेल भेजा जा रहा है और उक्त तीनों लुटेरों पर मुकदमा कायम कर सख्त कार्रवाई की जा रही है।


