फतेहपुर (सं.भा.): केंद्रीय बजट को लेकर जिले में सियासी प्रतिक्रिया सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी ने इसे जनहित में ऐतिहासिक बताते हुए कहा है कि यह बजट देश के समग्र विकास को नई दिशा देगा। बजट में किसान, महिला, बुजुर्ग, युवा और मध्यम वर्ग को प्राथमिकता देकर अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रयास किया गया है। लोकसभा में बजट पेश किए जाने के बाद पटेलनगर चौराहे पर भाजपा की ओर से एलईडी स्क्रीन के माध्यम से केंद्रीय बजट का सीधा प्रसारण दिखाया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, खागा विधायक कृष्णा पासवान, अयाहशाह विधायक विकास गुप्ता, जहानाबाद विधायक राजेंद्र पटेल सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने कहा कि बजट में कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने, लघु एवं सीमांत किसानों के उत्पादन को बढ़ाने और महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के ठोस प्रावधान किए गए हैं। खागा विधायक कृष्णा पासवान ने बताया कि बजट में बुजुर्गों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए केयर टेकर केंद्रों की स्थापना और गंभीर बीमारियों की दवाओं को सस्ता किया गया है। अयाहशाह विधायक विकास गुप्ता ने कहा कि प्रस्तावित हाईस्पीड रेल कॉरिडोर से जिले को सीधा लाभ मिलेगा और विकास को नई गति मिलेगी। जहानाबाद विधायक राजेंद्र पटेल ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए पशुधन चिकित्सा सेवाओं को मजबूत किया जाएगा, साथ ही आयकरदाताओं के हित में नए प्रावधान किए गए हैं। जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण सिंह ने बजट को जन उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे छोटे शहरों के विकास को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


