spot_img
Homeउत्तर प्रदेशयोजना अधूरी, समस्या पूरी

योजना अधूरी, समस्या पूरी

चौडगरा में सड़क चौड़ीकरण के दौरान जलनिकासी संकट

फतेहपुर (सं.भा.): एक ओर सरकार सड़क चौड़ीकरण जैसी योजनाओं के जरिए विकास को गति देने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर अधूरी तैयारी और आपसी तालमेल की कमी से आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसा ही मामला फतेहपुर जिले के बिंदकी तहसील अंतर्गत चौडगरा कस्बे से सामने आया है, जहां सड़क चौड़ीकरण के साथ चल रहा नाली निर्माण विवाद का कारण बन गया है।

धर्मार्थ योजना के तहत चौडगरा से बांके बिहारी मंदिर शिवराजपुर तक सड़क चौड़ीकरण कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में चौडगरा कस्बे में लगभग 70 मीटर लंबी नाली का निर्माण कराया जा रहा है। योजना के अनुसार कस्बे के करीब 200 घरों और प्राथमिक विद्यालय की जलनिकासी को एनएचआई-2 के नाले से जोड़ा जाना था, ताकि पानी की निकासी सुचारु रूप से हो सके।

हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि एनएचआई अधिकारियों ने नाली को अपने नाले से जोड़ने से इनकार कर दिया, जिसके चलते घरों और विद्यालय से निकलने वाला पानी रुक गया है। जलनिकासी बंद होने से कस्बे में गंदगी फैलने लगी है और लोगों को रोजमर्रा की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर अरुण परिहार, राम किशुन तिवारी, मुन्ना हाजी, सानू, विजय करन सिंह सहित कई स्थानीय निवासियों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

मामले में पीडब्ल्यूडी के जेई योगेंद्र कुमार यादव ने बताया कि समस्या से संबंधित जानकारी उच्च अधिकारियों के माध्यम से एनएचआई-2 को पत्र भेजकर दे दी गई है। उन्होंने कहा कि समाधान के लिए जवाब का इंतजार किया जा रहा है और प्रयास किए जा रहे हैं कि जल्द जलनिकासी की व्यवस्था बहाल हो सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com