spot_img
Homeउत्तर प्रदेशप्रेम संबंध का खौफनाक अंत, युवती की हत्या कर गड्ढे में फेंका...

प्रेम संबंध का खौफनाक अंत, युवती की हत्या कर गड्ढे में फेंका शव

फतेहपुर (सं.भा.): जिले में प्रेम संबंध, शादी के विवाद और पैसों के लेनदेन के बीच एक 18 वर्षीय युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रेमी ने पहले युवती को शादी का झांसा देकर उससे 60 हजार रुपये ऐंठे और बाद में गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को खेत में पानी भरे गड्ढे में छिपा दिया गया। घटना हुसैनगंज थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार, युवती का पिछले करीब दो वर्षों से हथगाम थाना क्षेत्र के पट्टीशाह कुर्मिन का पुरवा निवासी कोमल पटेल से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच मोबाइल पर लगातार बातचीत होती थी। बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था।

परिजनों के मुताबिक, युवती ने 23 फरवरी को महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि युवक ने शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और उससे 60 हजार रुपये ले लिए। रुपये उसने नकद और ऑनलाइन ट्रांसफर किए थे। भाई द्वारा बाहर से भेजे गए पैसों में से ही यह रकम दी गई थी। बाद में रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने इंकार कर दिया और कथित तौर पर जातिसूचक शब्द कहे। महिला थाना प्रभारी ने युवक से फोन पर संपर्क किया था। उसने खुद को बाहर होने की बात कही और लौटकर शादी करने का आश्वासन दिया था। इसके बाद युवती दोबारा थाने नहीं पहुंची।

शनिवार रात युवती अचानक घर से लापता हो गई। रविवार दोपहर गांव से करीब दो किलोमीटर दूर बिलंदा हाईवे किनारे मकनपुर गांव स्थित एक खेत में उसका शव मिला। गड्ढे में पानी भरा था और शव उसी में छिपाया गया था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। युवती के गले में दुपट्टा कसा हुआ था तथा शरीर पर चोट के निशान पाए गए। मौके पर क्षेत्राधिकारी प्रमोद शुक्ला और फॉरेंसिक टीम ने जांच की। पिता की तहरीर पर पुलिस ने कोमल पटेल और अन्य के खिलाफ हत्या, शव छिपाने और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक आलोक पांडेय के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला शादी और पैसों के विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद यदि दुष्कर्म की पुष्टि होती है तो संबंधित धाराएं भी बढ़ाई जाएंगी। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com