spot_img
Homeउत्तर प्रदेशथानों की निगरानी व्यवस्था पर हाईकोर्ट की कड़ी टिप्पणी, सीजेएम को सौंपा...

थानों की निगरानी व्यवस्था पर हाईकोर्ट की कड़ी टिप्पणी, सीजेएम को सौंपा निरीक्षण का जिम्मा

प्रयागराज (सं.भा.): उत्तर प्रदेश प्रदेश के थानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अहम आदेश जारी किया है। अदालत ने निर्देश दिया है कि अब हर जिले के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) जिला जज को सूचना देकर थानों का औचक निरीक्षण करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि कैमरे सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुरूप काम कर रहे हैं या नहीं।

अदालत ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण के दौरान यदि जानकारी देने में टालमटोल की गई या फुटेज उपलब्ध नहीं कराए गए तो संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश न्यायमूर्ति अरुण कुमार सिंह देशवाल की एकल पीठ ने ललितपुर की एक महिला की कथित अवैध हिरासत से जुड़े मामले की सुनवाई करते हुए पारित किया। मामले में आरोप था कि धोखाधड़ी प्रकरण में महिला को अवैध रूप से थाने में रखा गया और सूरज ढलने के बाद उसकी बहन को भी गिरफ्तार किया गया।

मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज तलब किए थे, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने स्टोरेज फुल होने का हवाला देकर फुटेज उपलब्ध नहीं कराए। इस पर हाईकोर्ट ने संबंधित थाना प्रभारी और जांच अधिकारी को अवमानना का दोषी माना। सजा के रूप में दोनों को अदालत की कार्यवाही समाप्त होने तक कोर्ट कक्ष में ही हिरासत में रखा गया।

अदालत ने टिप्पणी की कि न्यायिक मजिस्ट्रेट का पद प्रशासनिक अधिकारियों या राजनीतिक पदाधिकारियों से कमतर नहीं है। उनके आदेश की अवहेलना न्यायपालिका की अवमानना ही नहीं, बल्कि कानून के शासन को चुनौती है। हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को पीड़ित महिला को एक लाख रुपये मुआवजा देने का निर्देश भी दिया और कहा कि यह राशि दोषी पुलिसकर्मियों के वेतन से वसूल की जाए। साथ ही, अदालत ने कहा कि जिला न्यायालय आम नागरिक के लिए न्याय का पहला दरवाजा है और उसकी गरिमा बनाए रखना आवश्यक है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com