मुंबई (सं.भा.) घरेलू कामकाज के बहाने घरों में प्रवेश कर कीमती सामान पर हाथ साफ करने के आरोप में मुंबई पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। मुंबई के दो अलग-अलग इलाकों में दर्ज चोरी के मामलों की जांच के दौरान बांगुर नगर और चारकोप पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार दोनों महिलाओं पर अपने मालिकों के घरों से नकदी और सोने के आभूषण चोरी करने का आरोप है।
पहला मामला गोरेगांव क्षेत्र का है, जहां एक व्यापारी परिवार ने कुछ महीने पहले एक महिला को घरेलू सहायिका के रूप में रखा था। परिवार को अलमारी से नकदी और सोने के आभूषण गायब मिलने के बाद संदेह हुआ और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। जांच के दौरान पुलिस ने संबंधित महिला से पूछताछ की, जिसमें उसने नकदी चोरी करने की बात स्वीकार की। हालांकि, सोने के गहनों की चोरी से उसने इनकार किया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
वहीं दूसरे मामले में कांदिवली के चारकोप इलाके में एक शिक्षण संस्थान से जुड़े परिवार के घर से सोने का सिक्का और नकदी गायब होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। जांच में संदेह के आधार पर घरेलू सहायिका को पूछताछ के लिए बुलाया गया, जिसके बाद उसे मामले में आरोपी बनाते हुए हिरासत में ले लिया गया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस चोरी हुए सामान की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।


