फतेहपुर, (सं.भा.) सोमवती अमावस्या पर गंगा स्नान के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच कल्याणपुर थाना क्षेत्र के गुनीर-बक्सर मार्ग पर प्रशासनिक व्यवस्थाओं की पोल खुलती नजर आई। गंगा पुल के आसपास भारी वाहनों के फंस जाने से करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसमें हजारों श्रद्धालु घंटों तक परेशान रहे। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच लोग पानी और राहत के लिए भटकते दिखाई दिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जाम की स्थिति इतनी गंभीर थी कि श्रद्धालु पैदल ही रास्ता तलाशते नजर आए। कई परिवार छोटे बच्चों और बुजुर्गों के साथ घंटों सड़क पर फंसे रहे। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे पूरे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था चरमरा गई।
स्थानीय लोगों ने इस अव्यवस्था के लिए कल्याणपुर पुलिस और ट्रैफिक प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया है। लोगों का आरोप है कि सोमवती अमावस्या जैसे बड़े धार्मिक अवसर पर श्रद्धालुओं की भीड़ का अनुमान पहले से था, इसके बावजूद भारी वाहनों की आवाजाही पर समय रहते रोक नहीं लगाई गई। यदि प्रशासन ने पूर्व योजना बनाकर भारी वाहनों का प्रवेश नियंत्रित किया होता तो इतनी बड़ी समस्या उत्पन्न नहीं होती।
जाम के दौरान पुलिसकर्मी यातायात को सुचारु करने और फंसे लोगों को निकालने का प्रयास करते दिखाई दिए, लेकिन तब तक स्थिति काफी बिगड़ चुकी थी। श्रद्धालुओं का कहना है कि हर वर्ष ऐसे अवसरों पर भीड़ बढ़ती है, फिर भी प्रशासन सबक लेने को तैयार नहीं दिखता।

सामाजिक संस्था परिवर्तन फाउंडेशन ने मांग की है कि भविष्य में बड़े धार्मिक आयोजनों और अमावस्या जैसे अवसरों पर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाए तथा जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े।


