भिवंडी (सं. भा.) तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक 13 वर्षीय स्कूली छात्र की मौत हो गई तथा इसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना खारबाव गांव के पास हुई, जब ट्रक ने उनके दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। मृतक यक्ष नवनाथ नाईक, कक्षा 7 का छात्र, और उसका दोस्त आर्यन पाटिल, कक्षा 10 का छात्र, अपने दादा-दादी के लिए दवाइयां और किराने का सामान खरीदने के लिए बाजार गए थे। दुर्घटना दोपहर करीब 1 बजे हुई, जब वे बाजार से घर लौट रहे थे। विपरीत दिशा से आ रहा ट्रक उनके स्कूटर से टकरा गया और उन्हें 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। नाईक का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया, जिससे उसकी तत्काल मौत हो गई। पाटिल का दाहिना पैर कट गया और उसकी हालत गंभीर है। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। भिवंडी तालुका पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है और अधिकारी सीसीटीवी फुटेज के जरिए चालक की तलाश कर रहे हैं। भिवंडी तालुका पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, दोनों दोस्त ट्रक के नीचे कुचले गए। इस घटना में नाईक की मौत हो गई।


