उत्तर मुंबई सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ
मुंबई (सं भा): खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने और युवाओं में नेतृत्व की भावना जगाने के उद्देश्य से उत्तर मुंबई में ‘सांसद खेल महोत्सव 2025’ का शुभारंभ हुआ।
रविवार को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री तथा उत्तर मुंबई के सांसद पीयूष गोयल ने कांदिवली स्थित स्व. प्रमोद महाजन क्रीड़ा संकुल में इस अनोखे खेल आयोजन का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री गोयल ने कहा कि जब भारत 2036 के ओलंपिक की मेजबानी करेगा, तब उत्तर मुंबई के खिलाड़ी देश का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक जीतेंगे। उन्होंने बताया कि नई प्रतिभाओं को पहचान और मंच देने के उद्देश्य से अब यह “उत्तर मुंबई सांसद खेल महोत्सव” हर वर्ष आयोजित किया जाएगा।
इस महोत्सव को राज्य के कैबिनेट मंत्रीगण एड आशीष शेलार तथा मंगल प्रसाद लोढ़ा और प्रवीण दरेकर के साथ विधायक मनीषा चौधरी का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त है। इस अवसर पर पूर्व विश्व बॉक्सिंग चैंपियन मैरी कॉम विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
महोत्सव में 10 से अधिक खेलों — जैसे कबड्डी, खो-खो, मल्लखंभ, कुश्ती, बॉडी बिल्डिंग, मर्दानी, फुटबॉल और ढोल-ताशा — में लगभग 5,500 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उद्घाटन समारोह में 5,000 से अधिक नागरिकों और खेल प्रेमियों ने उपस्थिति दर्ज कराई।
मंच पर इस अवसर पर पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी, स्थानीय विधायक संजय उपाध्याय, चारकोप विधानसभा विधायक योगेश सागर, जिला अध्यक्ष दीपक बाला तावड़े, पूर्व नगरसेवक कमलेश यादव, पूर्व नगरसेवक शिव शेट्टी सहित बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, “यह आयोजन केवल खेलों का नहीं, बल्कि चैंपियन और लीडर तैयार करने का उत्सव है। यह उत्तर मुंबई को एकजुट करने वाला जन आंदोलन बन रहा है।”


