spot_img
Homeमुंबईबारिश में भी भक्ति की बयार: भायंदर में देवकीनंदन ठाकुर महाराज की...

बारिश में भी भक्ति की बयार: भायंदर में देवकीनंदन ठाकुर महाराज की कथा का शुभारंभ

मुंबई(स भा): पूज्य कथावाचक श्रद्धेय शांतिदूत श्री देवकीनंदन ठाकुरजी महाराज के मुखारविंद से भागवत कथा का भव्य शुभारंभ रविवार को भायंदर (पूर्व) में हुआ। कथा की शुरुआत नवघर रोड स्थित हनुमान मंदिर में विधिवत पूजन के साथ की गई, जिसके बाद भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में हजारों महिलाएं, माताएं और बहनें सिर पर कलश लेकर शामिल हुईं।

बारिश की फुहारों से बेफिक्र श्रद्धालुओं का जोश देखते ही बनता था। महाराजश्री ने भी अपनी छतरी हटवाकर भक्तों का उत्साहवर्धन किया और स्वयं भी वर्षा में भीगते हुए रथ से उतरकर श्रद्धालुओं के साथ पैदल यात्रा की। पूरे मार्ग में ढोल-नगाड़ों, बैंडबाजों और भक्ति गीतों की धुनों पर भक्त झूमते नजर आए। यह भव्य कलश यात्रा ‘राधे-राधे’ और ‘जय श्रीकृष्ण’ के नारों से गूंजती हुई इंद्रलोक परिसर स्थित बालासाहेब ठाकरे मैदान में बने विशाल कथा पंडाल तक पहुंची, जहां महाराजश्री के सानिध्य में भागवत महापुराण की स्थापना की गई।

सांय सत्र में ठाकुर महाराज ने भागवत के श्लोकों के साथ कथा का शुभारंभ किया। पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंचे। इस अवसर पर विधायक नरेंद्र मेहता, सामाजिक कार्यकर्ता और अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

महाराजश्री ने कहा कि देवउठनी एकादशी के दिन भागवत कथा और कलश यात्रा में शामिल होना अत्यंत पुण्यकारी है। उन्होंने बताया कि कार्तिक मास के आगामी पांच दिन भी धार्मिक उपक्रमों के लिए विशेष रूप से शुभ हैं।

विश्व शांति मिशन के सचिव विजय शर्मा ने जानकारी दी कि वृंदावन में प्रियाकांतजू मंदिर और आश्रम निर्माण के बाद अब महाराजश्री गौशाला और गुरुकुलम् की स्थापना के लिए प्रयत्नशील हैं। वहीं शैलेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि ठाकुर महाराज युवाओं को संस्कार, सात्विक जीवनशैली और धर्म से जोड़ने का निरंतर संदेश देते हैं ताकि भारत पुनः विश्वगुरु बन सके।भक्ति और श्रद्धा से ओतप्रोत यह कथा 9 नवंबर तक प्रतिदिन आयोजित की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com