कल्याण(स भा): कल्याण सर्किल-3 के अंतर्गत मादक पदार्थ निरोधक दस्ते ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 4 लाख रुपये मूल्य की कोरेक्स की बोतलें जब्त की हैं। पुलिस उपायुक्त के मार्गदर्शन में, अनिल गायकवाड़ और उनकी विशेष टीम ने यह छापेमारी बाजारपेट पुलिस स्टेशन क्षेत्र में की।
सूत्रों के अनुसार, 1 नवंबर की शाम टीम नियमित गश्त पर थी, तभी फोर्टिस अस्पताल के पास एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर संदिग्ध रूप से घूमता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके पास से 400 बोतलें कोरेक्स की बरामद हुईं। तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पंचनामा किया गया और माल जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद मताब अनीस रईस (उम्र 33 वर्ष, निवासी 10/बी, गोल्डन प्लाज़ा, पुराना मछली बाज़ार, कल्याण पश्चिम) के रूप में हुई है। आरोपी के पास से पुलिस ने लगभग ₹4,00,000 मूल्य की कोरेक्स की बोतलें, ₹60,000 की एक काली मोटरसाइकिल, और ₹3,660 नकद, कुल ₹4,63,660 रुपये का माल जब्त किया गया।
बाजारपेट पुलिस स्टेशन में इस संबंध में अपराध रजिस्टर संख्या 576/2025 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8(ए), 22(बी)(ए) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही महात्मा फुले चौक पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(ए), 21(बी) के तहत एक अन्य अपराध दर्ज है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से इलाके में नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त बढ़ गई है। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से ऐसे अवैध धंधों पर अंकुश लगेगा। फिलहाल पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।
डोंबिवली पुलिस की छापेमारी: कल्याण में नशीली दवाओं की तस्करी का भंडाफोड़
RELATED ARTICLES


