मुंबई (सं. भा.) महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी का ‘संत नामदेव काव्य स्वर्ण पुरस्कार’ वर्ष 2024-25 के लिए अमर कृपाशंकर त्रिपाठी को उनकी ग़ज़ल संकलन “अमराई” के लिए प्रदान किया गया। यह सम्मान महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी के कार्याध्यक्ष डॉ. शीतला प्रसाद दुबे, उपाध्यक्ष मंजू लोढ़ा, पूर्व राज्य मंत्री अमरजीत मिश्र, वरिष्ठ आरटीआई एक्टिविस्ट अनिल गलगली और वरिष्ठ पत्रकार विमल मिश्र द्वारा दिया गया।
अमर कृपाशंकर त्रिपाठी मुंबई के साहित्यिक और पत्रकारिता जगत का एक प्रतिष्ठित नाम हैं। वह मुंबई से प्रकाशित ‘स्वतंत्र जन समाचार’ के संपादन और प्रबंधन में दो दशकों से महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा, वह समय-समय पर कई प्रतिष्ठित अखबारों में लेखन कार्य भी करते रहे हैं।
पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए भारती प्रसार परिषद, साक्षात फाउंडेशन, लायंस क्लब विलिंगटन क्रिसेंट, पत्रकार विकास संघ, IPC अवार्ड, विकलांग की पुकार सम्मान, अनुबंध सहित कई प्रतिष्ठित संस्थाओं द्वारा उन्हें अनेक सम्मान प्राप्त हुए हैं।

साहित्य और काव्य की बात करें तो अमर त्रिपाठी जन अभिरुचि वाले साहित्यिक कार्यक्रमों, कवि गोष्ठियों और साहित्यिक आयोजनों में विशेष रुचि रखते हैं। वह गीत, ग़ज़ल और कविता तीनों विधाओं में समान रुचि और उत्कृष्टता रखते हैं।
उन्होंने न्यूयॉर्क के अशोक सिंह द्वारा संचालित चर्चित अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम “एक शेर अर्ज किया है” में भाग लेकर ग़ज़ल लेखन की बारीकियां सीखी। उनकी प्रकाशित कृतियों में “एक शेर अर्ज किया है” संकलन और “अमराई” शामिल हैं, जिन्हें इसी संस्था द्वारा प्रकाशित किया गया है।
इस प्रतिष्ठित सम्मान से हिंदी साहित्य जगत में अमर कृपाशंकर त्रिपाठी की काव्य प्रतिभा को एक नई पहचान मिली है।


