spot_img
Homeमुंबईनालेसफाई में देरी पर अनिल गलगली ने उठाए सवाल, पालिका कर्मचारियों से...

नालेसफाई में देरी पर अनिल गलगली ने उठाए सवाल, पालिका कर्मचारियों से काम कराने की मांग

मुंबई (सं.भा.): मानसून से पहले हर साल शुरू होने वाले नालेसफाई कार्य में इस बार हो रही देरी को लेकर चिंता जताई जा रही है। सूचना अधिकार कार्यकर्ता अनिल गलगली ने कहा है कि मार्च शुरू होने के बावजूद मुंबई के कई इलाकों में नालेसफाई का काम दिखाई नहीं दे रहा है, जिससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या बढ़ने की आशंका है।
उन्होंने कहा कि परंपरा के अनुसार मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र में हर वर्ष 1 मार्च से मानसून पूर्व नालेसफाई का काम शुरू हो जाता है, लेकिन इस बार कई जगहों पर काम शुरू नहीं होने से नागरिकों में चिंता बढ़ गई है। समय पर नालेसफाई नहीं होने पर बारिश के मौसम में सड़कों पर पानी भरने और बाढ़ जैसी स्थिति पैदा होने का खतरा बना रहता है।


अनिल गलगली ने यह भी कहा कि पहले महानगरपालिका में प्रशासक राज चल रहा था, लेकिन अब जनप्रतिनिधि चुने जा चुके हैं और महापौर, स्थायी समिति अध्यक्ष तथा नगरसेवक अपनी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। ऐसे में नालेसफाई का काम किस स्तर पर अटका है, इस पर स्पष्टता होना जरूरी है।
उन्होंने सुझाव दिया कि यदि ठेकेदारों की नियुक्ति में देरी हो रही है या निविदा प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है, तो महानगरपालिका को अपने कर्मचारियों के माध्यम से ही नालेसफाई का काम शुरू करना चाहिए। इससे न केवल सार्वजनिक धन की बचत होगी, बल्कि कार्य की गुणवत्ता भी बेहतर बनी रहेगी।
गलगली ने महानगरपालिका प्रशासन से मांग की है कि इस मुद्दे पर तुरंत निर्णय लेकर पूरे मुंबई में नालेसफाई का काम तेजी से शुरू किया जाए, ताकि मानसून के दौरान नागरिकों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com