कानपुर (स भा): उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना सोमवार सुबह महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत स्थित अखरी गांव पहुंचे। यह वही गांव है जहां प्रसिद्ध संत प्रेमानंद जी महाराज का जन्म हुआ था।
गांव में औचक निरीक्षण के दौरान महाना ने पैदल भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याओं को नजदीक से समझा। उन्होंने तुरंत प्रभाव से गांव के सभी पोलों पर स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
पेयजल व्यवस्था की हकीकत जानने के लिए विधानसभा अध्यक्ष ने स्वयं नलों से पानी पीकर ग्रामीणों से जानकारी ली कि नियमित रूप से
पानी इसी प्रकार उपलब्ध होता है या नहीं। इसके बाद वे संत श्री प्रेमानंद जी महाराज के पैतृक घर पहुंचे और महाराज जी के बड़े भाई गणेश शंकर पांडेय एवं अन्य परिजनों से भेंट कर कुशलक्षेम जाना।
ग्रामीणों से संवाद के दौरान महाना ने कहा, “यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि पूज्य संत प्रेमानंद महाराज जी का जन्म मेरी विधानसभा के अंतर्गत हुआ। उनके आशीर्वाद से क्षेत्र का विकास निरंतर होगा।” इस अवसर पर सुरेंद्र अवस्थी, विनय मिश्रा, रानू शुक्ला, विनय प्रताप सिंह, अजय प्रताप सिंह, लक्ष्मी कांत निषाद, सुमित पांडेय सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।


