आरोपी 73 वर्ष की उम्र में हुआ गिरफ्तार
मुंबई (सं. भा.) : बोरिवली पुलिस ने लूट के एक आरोपी विश्वनाथ उर्फ बाला विठ्ठल पवार को 32 साल बाद गिरफ्तार किया है। उसकी उम्र 73 साल है। उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 392, 397, 212, 216 (ए), 414, 120 बी), 34 के तहत मामला दर्ज किया गया था। उसके खिलाफ मुंबई के सत्र न्यायालय ने वारंट जारी किया हुआ था, क्योंकि वह कहीं मिल नहीं रहा था। पुलिस ने उसके बारे में फिर से जानकारी निकाली, दो टीमें बनाईं। पता चला कि वह सिंधुदुर्ग जिले के कलवंडवाडी में रह रहा है। पुलिस की टीमें उसके गांव भी गईं। पता चला कि वह जनवरी, 2023 में गांव आया था। लेकिन बाद में चला गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश में अपना काम जारी रखा। इसी में टिप मिली कि उसका एक घर भाईंदर में भी है। जब जांच टीमें वहां पहुंची, तो पता चला कि वह मकान बेचकर कहीं और चला गया है। 18 फरवरी को पुलिस को आरोपी की एक नई लोकेशन के बारे में जानकारी मिली। फिर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।



