मुंबई (सं. भा.) : मुंबई को साफ रखने में अहम योगदान देने वाले बीएमसी घनकचरा विभाग के हजारों कर्मचारी अब प्यूरीफायर का पानी पीया करेंगे। गौरतलब है कि प्रतिदिन मुंबई में सफाईकर्मी जगह-जगह साफ-सफाई का काम करते हैं। इस दौरान उन्हें साफ़ पीने का पानी भी नहीं मिल पाता है। बीएमसी ने अब इस समस्या के समाधान के लिए, घन कचरा विभाग के गैराजों में वॉटर प्यूरीफायर हॉट एंड कोल्ड वॉटर डिस्पेंसर लगाने जा रही है। इससे सफाई कर्मियों को साफ पानी के साथ आवश्यकता के अनुसार गर्म और ठंडा पानी भी उपलब्ध होगा। बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई में घनकचरा विभाग के 11 गैरेज हैं, जहां कचरे का संकलन कर डंपिंग ग्राउंड में भेजा जाता है। वहां हजारों की संख्या में कर्मचारी काम करते हैं। इन कर्मचारियों की लंबे समय से मांग रही है कि उन्हें पीने के लिए साफ़ पानी उपलब्ध कराया जाए। अब बीएमसी प्रशासन ने 11 गैरेज में 30 लोकेशन पर वॉटर प्यूरीफायर, हॉट ऐंड कोल्ड वॉटर डिस्पेंसर लगाने का फैसला किया है।



